ग्वालियर में चंबल से पानी अगले साल तक, स्वर्ण रेखा पर तैयार होगी एलिवेटेड रोड
ग्वालियर. शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए अगले साल के मध्य तक चंबल नदी से पानी तिघरा तक लाने के लिए भोपाल से दिल्ली तक चल रही प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। ये भरोसा दिलाया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने। भाजपा के सदस्यता अभियान कार्यक्रम में राज्सभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चंबल से पानी लाने और शहर के बीचों-बीच बहने वाली स्वण रेखा पर एलिवेटेड रोड बनाने की मांग मंच से की।
कामों को जल्द ही शुरू करके पूरा करेंगे- सीएम शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि हम इन दोनों कामों को जल्द ही शुरू करके पूरा करेंगे। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि चंबल से पानी लाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता शीतला सहाय ने भी सपना देखा जिसे पूरा करने के लिए हम ऋण भी स्वीकृत करा चुके है लेकिन तत्कालीन कमलनाथ सरकार के कारण ये प्रोजेक्ट अटक गया। अब इसे हम जल्द पूरा कराएंगे। कार्यक्रमों में सांसद विवेक शेजवलकर, राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री माया सिंह आदि मौजू रहे।
पेयजल की समस्या के समाधान तक नंगे पांव घूमने का संकल्प लेने वाले ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को मुख्यमंत्री शिवराज और सिंधिया ने चप्पलें पहनाई। आयोजन के बीच में सिंधिया ने इसके लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की समस्याओं के लिए मंत्रियों को नंगे पांव घूमना पड़े ये हमारी परंपरा नहीं है।

