कार पर ऑयल पटक कर कैश भरा बैग उड़ाया, गाड़ी से चोर ले गया बैग
ग्वालियर. एक फैक्ट्री संचालक के साथ अजीब तरह की घटना घटी। 2 युवकों ने कार पर ऑयल गिराकर कार चालक को भ्रमित किया। जब तक कार चालक (फैक्ट्री संचालक) गाड़ी को चेक कर रहे थे चोर बैग उठाकर ले गया। बैग में 15 हजार रूपये जरूरी दस्तावेज व ऑफिस की चाबी रखी हुई थी।
घटना एक दिन पूर्व गोला का मंदिर ट्रैफिक सिग्नल के पास की है। घटना का पता उस वक्त लगा जब फैक्ट्री संचालक कार में वापिस पहुंचा तो तत्काल उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटनास्बल पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। लगभग 2 वर्ष बाद इस तरह से घटना हुई है।
क्या है पूरा मामला
शहर के गांधी नगर निवासी 70 वर्षीय महेन्द्र कुमार गुप्ता पुत्र भगवानदास गुप्ता फैक्ट्री संचालक है। उनकी भिंड के मालनपुर इंडस्ट्रीज एरिया में सीजन रीटो ग्राबारिआ के नाम से फैक्ट्री है। रोज की तरह वह बीते रोज घर से अपनी कार में सवार होकर फैक्ट्री जा रहे थे। अभी वह गोला का मंदिर चौराहा स्थित ट्रैफिक सिंग्नल पर पहुंचे थे कि तभी एक युवक ने उन्हें इंजन की तरफ इशारा किया। वह समझ नहीं पाए तभी युवक ने दोबारा इशारा किया। इंजन की तरफ बार-बार इशारा करने पर उन्होंने अपनी कार साइड में की। कार से निकलकर बाहर आए तो बोनट पर ऑयल लगा दिखाई दिया, तभी एक युवक आ गया और उसने इंजन चेक करने की सलाह दी तो वह बोनट खोलकर इंजन चेक करने लगे, लेकिन अंदर कुछ भी नजर नहीं आया।
मौके का फायदा उठाकर किया बैग पार
जिस समय व्यापारी कार के इंजन को चेक कर रहा था दोनों चोर उनकी कार की बैक सीट पर रखे बैग को चोरी कर ले गया। बैग में 15 हजार रुपए, फैक्ट्री से संबंधित जरुरी दस्तावेज, क्रेडिट कार्ड व अन्य सामान रखा था। व्यापारी को कार के इंजन में कोई कमी नजर नहीं आई। जिस पर वह वापस कार में आकर बैठ गए। पीछे की सीट पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया
दो साल बाद बदमाशों की आमद
इस तरह की वारदातें दो साल से रूकी हुई हैं, इससे पहले ऑयल या मैला डालकर वारदात करने के साथ ही कार का कांच तोड़कर वारदातों को बदमाश अंजाम दे रहे थे, लेकिन पुलिस ने सख्ती की तो वारदातें रूक गई थीं।

