कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी गिरफ्तार, उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी में आग लगाई
नोएड़ा. कृषि कानूनों और केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी का विरोध कर रहे किसानों और मंत्री के बेटे के बीच रविवार को हिंसक टकराव में 8 लोगों की मौत के बाद उत्तरप्रदेश में बवाल मचा हुआ हे। राजनीतिक उबाल के दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लखमीपुर जाने के लिये निकली लेकिन उन्हें सीतापुर के हरगांव में पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। लखनऊ में धरने पर बैठे अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।

बढ़ाई गई अजय मिश्र के घर की सुरक्षा
लखीमपुर की घटना के बाद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के दिल्ली आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गृह राज्य मंत्री का दिल्ली में नर्मदा अपार्टमेंट में सरकारी निवास है, जहां सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है। इसके साथ साथ ही दिल्ली पुलिस के जवानों को भी तैनात किया गया है। नर्मदा अपार्टमेंट के बाहर पीसीआर वैन की भी तैनाती की गई है।
लखीमपुर खीरी में पत्रकार की मौत
लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है और घटना के बाद से लापता पत्रकार का शव बरामद हुआ है। स्थानीय पत्रकार रमन कश्यप की मौत का मामला सामने आया है, जो निघासन क्षेत्र के रहने वाले है। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस में शव की पुष्टि की है। पत्रकार के परिजनों ने शव रखकर निघासन चौराहे पर जाम लगाया है। परिजनों की मांग है कि दोषियों पर कार्रवाई हो और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जाए ।

मंत्री की बर्खास्तगी तक शवों का अंतिम संस्कार नहीं-टिकैत
इधर, लखीमपुर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने ऐलान किया है कि जब तक मंत्री अजय मिश्र को बर्खास्त नहीं किया जाता है। उनके बेटे की गिरफ्तारी नहीं होती है। मृतक किसानों के शवों का अंतिम संस्कार नहीं होगा। इधर, घटनास्थल पर किसान जुटने लगे हैं। यहां किसानों की संख्या दो हजार हो गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने दंगा नियंत्रण की 3 गाड़ियां मंगाई है।

