ग्वालियर के युवक की पगारा डेम से डूबने से हुई मौत, 4 दोस्त नहाने के लिये उतरे थे, एसडीआरएफ ने 2 घंटे बाद निकाला शव
मुरैना. जौरा स्थित पगारा डेम पर बुधवार की शाम पिकनिक मनाने आये दोस्तों का घूमना मातम में बदल गया। ग्वालियर से आये 6 दोस्तों में से 4 युवक डेम में नहाने उतरे थे। इनमें से 3 युवक सुरक्षित बाहर निकल आये, जबकि 30 वर्षीय त्रिलोक गुप्ता तेज बहाव में फंसकर डूब गये। डूबने की खबर मिलते ही जौरा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गयी । अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। लेकिन लगभग 2 घंटे की मेहनत के बाद युवक का शव डेम से बाहर निकाल लिया गया।
स्कॉर्पियों से ग्वालियर से पहुंचे थे 6 दोस्त जौरा
ग्वालियर के मुरार इलाके से 6 दोस्त बुधवार को स्कॉर्पियो कार से पगारा डेम घूमने आये थे। दिन भर डेम इलाके में समय बिताने के बाद शाम को लगभग 5.30 बजे 4 युवक पानी में नहाने उतर गये। जिसमें से 3 युवकों को तैरना आता था। इसलिये वह कुछ देर के बाद सुरक्षित बाहर निकल आये। लेकिन त्रिलोक गुप्ता, विक्की फैक्ट्री के पीछे, मुरार गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गये। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इस बीच वह देखते -देखते पानी में लापता हो गये।
बारिश के मौसम में बढ़ जाता है खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दिनों में पगारा डेम में पानी का स्तर और बहाव दोनों बढ़ जाते हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग यहां पिकनिक मनाने और नहाने पहुंचते हैं। कई बार चेतावनी के बावजूद लोग गहरे पानी में उतर जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

