VISM कॉलेज में 15 एमपी बटालियन का CATC-41 कैंप शुरू, 475 कैडेट्स लेंगे प्रशिक्षण
ग्वालियर –VISM ग्रुप ऑफ स्ट्डीज़ के परिसर में बुधवार से 15 एमपी बटालियन, ग्वालियर का Combined Annual Training Camp ¼CATC-41½ शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर 12 से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर में जबलपुर, सागर, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, रायपुर, दतिया एवं शिवपुरी के विभिन्न स्कूल एवं कॉलेजों से लगभग 475 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं। कैंप के प्रथम दिवस VISM परिसर में पहुंचे कैडेट्स का स्वागत किया गया। इसके बाद सभी कैडेट्स का दस्तावेजीकरण एवं पंजीयन कराया गया तथा उन्हें कैंप के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कैडेट्स को अनुशासन, प्रशिक्षण एवं कैंप की व्यवस्थाओं के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, शारीरिक प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं विभिन्न एनसीसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। इस अवसर पर 15 MP बटालियन, ग्वालियर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल देवेंद्र सिंह वर्मा, ADM संजीव सारिन सहित बटालियन के अधिकारी एवं प्रशिक्षण दल उपस्थित रहे। वहीं VISM ग्रुप की निदेशक डॉ. प्रज्ञा सिंह ने भी कैडेट्स का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की एवं शुभकामनाएं दीं।

