बंगाल में TMC के कल्याण बनर्जी पर हमला, BJP बोली- वह नाटक कर रहे

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के हुगली स्थित चंडीतला पुलिस थाने के सामने तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी पर हमले की जानकारी सामने आयी है। टीएमसी सांसद ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने उन पर हमला किया और उनके सिर पर पत्थर या गेंद जैसी चीज मारकर चोट पहुंचाई है। जबकि भाजपा का कहना है कि वह घायल नहीं हुए हैं। सिर्फ नाटक कर रहे हैं। कल्याण बनर्जी, अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के मामले में गिरफ्तार टीएमसी नेता, कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर चंडीतला थाना ज्ञापन सौंपने के लिये पहुंचे थे। इस बीच ज्ञापन सौंपने से पहले ही तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गयी।
टीएमसी-भाजपा के बीच नोंकझोंक
ऐसा बताया जा रहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल समर्थकों के खिलाफ चोर-चोर के नारे लगाये। जिसके बाद माहौल और गर्म हो गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिये मौके पर भारी पुलिस बल और केन्द्रीय सुरक्षाबल तैनात किये गये।
सिर पर भीगा हुआ रूमाल रखे कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि चंडीतला थाने में डिपुटेशन (ज्ञापन) देने जाते वक्त उन पर हमला किया गया. उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने जा रहे लोगों पर हमला किया गया.
ध्यान भटकाना चाहते हैं कल्याण -BJP
वहीं, बीजेपी ने कल्याण के खुद के चोट लगने के दावों को झूठा करार दिया है. बीजेपी का कहना है कि वह (कल्याण बनर्जी) ड्रामा कर रहे हैं. उन्हें चोट नहीं आई है. वो अभिषेक बनर्जी के मामले से ध्यान भटकाना चाहते हैं

