PM मोदी के कार्यक्रम में जंबूरी मैदान में 10 लाख लोगों के जुटने का दावा
भोपाल. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल के जंबूरी मैदान में कार्यकर्ता महाकुंभ में कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ विजय संकल्प दिलाएंगे। जनता का आशीर्वाद लेने के लिए तीन सितंबर से भाजपा की ओर से निकाली गई जन आशीर्वाद यात्रा का औपचारिक समापन भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर इस महाकुंभ में होगा। विंध्य, महाकोशल, मालवा, ग्वालियर चंबल और बुंदेलखंड से निकाली गई यात्राएं 21 दिनों में 10880 किलोमीटर का सफर तय कर 223 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरीं। ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ में लगभग दस लाख से अधिक कार्यकर्ता जुटने का दावा किया गया है। प्रधानमंत्री का सितंबर में मध्य प्रदेश का यह दूसरा दौरा है। । पीएम नरेन्द्र मोदी सोमवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
महिला सदस्य करेंगी अभिनंदन
संसद में महिला आरक्षण बिल पारित होने को लेकर महिलाओं में उत्साह है। प्रदेश में शिवराज सरकार ने नगरीय निकाय चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया है। इन ऐतिहासिक कार्यों के प्रति धन्यवाद देने के लिए पार्टी की महिला कार्यकर्ता पार्टी ध्वज के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगी।
मुख्यमंत्री ने देखी तैयारी, लगाए झंडे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा कार्यक्रम स्थल पहुंचे और तैयारियां देखीं। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ भेल मार्ग पर कार्यकर्ताओं के स्वागत के लिए पार्टी के झंडे लगाए।

