MYH हॉस्पिटल में डॉक्टर्स में आपस में झड़प, लापता डॉक्टर पर आरोप लगाने वाली सीनियर के चेम्बर के सामने धरना

इन्दौर. एमवाय अस्पताल से लापता डॉ. हेमंत गिरवाल 40, का 48 घंटे के बाद भी पता नहीं चल पाया है। शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे 100 से अधिक जूनियर डॉक्टर्स ने अस्पताल मैनेजमेंट के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस बीच सीनियर डॉक्टर्स से उनकी बहस हो गयी, बात हाथापाई तक पहुंच गयी।
दरअसल, एमवाय अस्पताल में पदस्थ डॉ. हेमंत गिरवाल गुरूवार से गायब है। 3 दिन पहले एक अन्य यूनिट की सीनियर महिला डॉक्टर से वह टकरा गये थे। इस पर महिला डॉक्टर ने उन्हें सार्वजनिक रूप से लताड़ा था। उन्होंने छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया था और साथ ही कमेटी के सामने माफीनामा लिखवाया था। तभी डॉक्टर हेमंत गिरवाल स्वयं की काफी बेइज्जती महसूस कर रहे थे।

लापता हुए डॉ. गिरवाल ने लेटर में लिखा…
मैं डॉक्टर हेमंत गिरवाल आरएसओ प्रथम वर्ष ऑर्थोपैडिक डिपार्टमेंट एमवाय में पदस्थ हूं। मेरे साथ जो घटना हुई है, उसके बारे में बताना चाहता हूं। 12 सितंबर को ऑपरेशन थिएटर नंबर 2 में एनिस्थिसिया की महिला डॉक्टर ने मुझ पर बेबुनियाद चरित्र हनन का आरोप लगाया। 13 सितंबर को एनिस्थिसिया विभाग की कमेटी के सामने हाजिर हुआ। मुझसे लिखित माफीनामा लिया गया। माफी में पूरी गलती मेरी होना बताया गया। मुझे इस सेवा में 10 साल हो गए हैं, लेकिन ऐसा आरोप पहले कभी नहीं लगा। यह दुर्भाग्यवश जो मेरे साथ हुआ, उससे मैं काफी आहत हुआ हूं। मानसिक रूप से तनाव में हूं। मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हो चुकी है। घटना के बाद महिला सहकर्मियों के साथ काम करते हुए भयभीत और लज्जित महसूस कर रहा हूं। मेरा कार्य प्रभावित हो रहा है। मैं एक शादीशुदा व्यक्ति हूं। यदि इस घटना का पता मेरे परिवार में लगता है तो मेरा वैवाहिक संबंध बिगड़ने या टूटने की नौबत आ सकती है। मेरी पारिवारिक छवि, सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। जिससे पारिवारिक कलह की स्थिति बन सकती है। मुझे मेरा भविष्य अंधकारमय दिखाई दे रहा है। ऐसी बातें मेरे विचार में आ रही है, जिससे मेरा काम प्रभावित हो रहा है। काफी तनाव, चिंता, दुविधा का सामना कर रहा हूं। यदि मेरे साथ कुछ भी अनहोनी हुई तो इसकी जिम्मेदार सीनियर महिला डॉक्टर होंगी।
धार के रहने वाले हैं डॉ. गिरवाल
डॉक्टर के साथियों ने बताया कि डॉ. गिरवाल धार के रहने वाले हैं और मेडिकल हॉस्टल में ही रहते हैं। उनकी ड्यूटी ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थिएटर में थी। वे दो दिन पहले ओटी के इंस्ट्रूमेंट्स लेकर दूसरे यूनिट के ऑपरेशन थिएटर में गए थे। इस दौरान वे महिला डॉक्टर से टकरा गए थे। महिला डॉक्टर ने उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। इस बीच कमेटी ने डॉ. गिरवाल को आरोपों के आधार पर ऑर्थेापेडिक ऑपरेशन थिएटर की ड्यूटी से हटा दिया था। इससे भी वे काफी आहत दिख रहे थे।

