MP में फिर लौटी ठंड, कई जिलों में घना कोहरा
भोपाल. मध्य प्रदेश में ठंड फिर लौट आई है। रविवार सुबह प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में कोहरे और सर्द हवा का असर है। भोपाल में विजिबिलिटी 500 से 1 हजार मीटर रही। सुबह 11 बजे बाद भी कोहरे का असर देखने को मिला। धार में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर एक ट्रक ने पिकअप के बाद दो कारों को टक्कर मार दी। हालांकि, किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है।

ग्वालियर, गुना, इंदौर में कोहरा छाया
नर्मदापुरम, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सीधी, रायसेन, उज्जैन, दमोह, सतना, उमरिया, राजगढ़, ग्वालियर, गुना, छिंदवाड़ा, खजुराहो, मंडला, नौगांव, सागर, मलाजखंड में भी कोहरा छाया हुआ है। दूसरी ओर, कई शहरों में रात के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार-रविवार की रात में राजगढ़ सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री पहुंच गया। दतिया में 7.4 डिग्री, गुना में 7.7 डिग्री, पचमढ़ी-श्योपुर में 8.4 डिग्री, नौगांव में 9 डिग्री और रतलाम-रीवा में तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के 5 बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में 11.9 डिग्री, इंदौर में 13.2 डिग्री, उज्जैन में 11.5 डिग्री और जबलपुर में तापमान 15 डिग्री रहा।

