MP निकाय व पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, 15 जून तक जोड़े जाएंगे नाम
भोपाल. नगरीय निकायों और पंचायत चुनावों की तैयारी तेज हो चुकी है। 15 जून तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन कराने का आवेदन दिया जा सकेगा। तय तारीख तक जमा हुए आवेदन पत्रों का निराकरण कर 18 जुलाई को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। इंदौर नगर निगम सहित जिले की आठ नगर परिषदों और पंचायतों की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने अथवा आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने फोटो युक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत नगरीय निकायों और पंचायतों दोनों के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 जून दोपहर 3 बजे निर्धारित की गई है।
समय-सीमा में पुनरीक्षण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा के निर्देशन में संयुक्त कलेक्टर एवं सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को समय-सीमा में पुनरीक्षण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से कहा है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाए।
नगरीय निकाय के लिए कार्यक्रम
नगरीय निकायों के लिए दावा-आपत्तियों का निराकरण 25 जून तक किया जाएगा, जबकि निराकृत प्रकरणों की ईआरएमएस में प्रविष्टि 30 जून तक होगी। इसके बाद 3 जुलाई तक दावा-आपत्तियों की चेकलिस्ट तैयार की जाएगी और त्रुटि सुधार के बाद 6 जुलाई तक वेंडर को वापस भेजी जाएगी। फोटोयुक्त एवं फोटो रहित अंतिम मतदाता सूची 9 जुलाई को जनरेट होगी और 10 जुलाई तक वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
पंचायतों के लिए भी समान समय सारणी तय है। अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची की मुद्रित प्रतियां 16 जुलाई तक उपलब्ध होंगी तथा 18 जुलाई को ग्राम पंचायतों और अन्य निर्धारित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन किया जाएगा।

