MP में फिर पसरा कोरोना, 6 दिनों में बढ़ गए चार गुना केस, ओपीडी में लगी भीड़
भोपाल. एमपी में मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। कुछ दिनों पूर्व पारा 30 डिग्री से पार पहुंच गया था और गर्मी का अहसास होने लगा था। इधर एकाएक तेज हवा, आंधी के साथ ओले पानी का दौर शुरु हो गया। दो दिन से प्रदेश में मौसम का कुछ ऐसा ही मिजाज बना हुआ है। बार बार बदलते मौसम के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। सबसे बुरी बात तो यह है कि खतरनाक कोरोना फिर पसर रहा है। इससे संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। एमपी की राजधानी में पिछले करीब एक महीने से वायरल बीमारियों का ग्राफ बढा़ है। इनमें इन्फ्लुएंजा समेत अन्य बीमारियां भी शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बीच कोरोना के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। इतना ही नहीं, कोरोना के मामले तेजी से बढ़ भी रहे हैं।
महज 6 दिन में ही मध्यप्रदेश में कोरोना के मामले चार गुना बढ़ गए – सरकारी आंकड़ों के अनुसार महज 6 दिन में ही मध्यप्रदेश में कोरोना के मामले चार गुना बढ़ गए हैं। प्रदेश में पहले महज पांच केस थे, सोमवार को प्रदेश में 22 एक्टिव केस हो गए हैं। भोपाल में एक्टिव मरीजों की संख्या छह है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश में 304 सैंपल्स की जांच में पांच मरीज मिले हैं। इनमें तीन इंदौर और एक-एक भोपाल व उज्जैन के हैं। 15 दिन से पांच सौ सैंपल्स की जांच हुई। गौरतलब है कि जनवरी-फरवरी में मरीजों की संख्या शून्य पर आ चुकी थी।

