MP में कई जगह पर बनी मौसम प्रणालियां, 6 संभागों में भारी बारिश की चेतावनी
भोपाल. प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से अरब सागर से नमी मिलने का सिलसिला बना हुआ है, जिसके चलते प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि रविवार को भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में दक्षिण-पश्चिमी उत्तरप्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। अरब सागर से लेकर बिहार तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो पूर्वी मध्यप्रदेश से होकर गुजर रही है। पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पूरे प्रदेश में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। अरब सागर से नमी मिलने का सिलसिला बना रहने से रविवार को भी प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। सोमवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की बात कही जा रही है।

