MP में अब नई सड़कों पर निजी वाहनों से टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा
भोपाल. मध्य प्रदेश में निजी उपयोग में आने वाले यात्री वाहनों पर टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। राज्य सड़क विकास निगम की नई सड़कों पर यह सुविधा मिलेगी, इसके लिए राज्य सरकार ने टोल टैक्स संबंधी नीति में नए प्रविधान कर दिए है।
अभी जो टोल वसूली होती है उसमें अस्सी प्रतिशत राशि वाणित्यिक वाहनों से प्राप्त होती है। जबकि निजी उपयोग में आने वाले वाहनों से टोल टैक्स कम मिलता है और परेशानी अधिक होती है। इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रदेश में अधिकांश मुख्य मार्ग राज्य सड़क विकास निगम द्वारा बिल्ड आपरेट एंड ट्रासफर (बीओटी) पद्धति पर बनाए जा रहे है।
लोक निर्माण विभाग ने 200 सड़कों का सर्वे कराया था। इसमें यह सामने आया कि जो टोल टैक्स वसूला जाता है उसमें अस्सी प्रतिशत की हिस्सेदारी वाणित्यिक वाहनों की होती है। निजी छोटे वाहनों से मात्र 20 प्रतिशत टैक्स मिलता है। जबकि यात्रियों को परेशानी अधिक होती है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष यह प्रस्ताव रखा गया था कि निजी वाहनों की यदि टोल टैक्स से छूट दी जाए तो यात्रियों को सुविधा होगी और राजस्व का भी अधिक नुकसान नहीं होगा।

