MP को जल्द मिलेगी नई वंदेभारत स्लीपर
इंदौर. मध्य प्रदेश को जल्द ही एक और वंदेभारत एक्सप्रेस इंदौर-दिल्ली वंदेभारत मिल सकती है। यह स्लीपर ट्रेन होगी। इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने इस ट्रेन के लिए एक बार पुन प्रस्ताव रखा है। नई वंदेभारत स्लीपर के लिए रतलाम मंडल समिति की बैठक में प्रस्ताव रखा गया। प्रस्तावित वंदेभारत स्लीपर ट्रेन, तीन राज्यों- एमपी, यूपी और दिल्ली को जोडेगी। कई अन्य ट्रेनों की भी मांग की गई है इसके साथ ही सांसद ने लक्ष्मीबाई नगर से डॉ. आंबेडकर नगर तक लोकल ट्रेन चलाने की पुरजोर मांग की। उन्होंने कहा कि इससे शहर का ट्रैफिक कम होगा।
सांसद शंकर लालवानी ने इंदौर में लोकल ट्रेन चलाने का सुझाव दिया। यह ट्रेन लक्ष्मीबाई नगर से डॉ. आंबेडकर नगर तक चलाने का प्रस्ताव है। सांसद लालवानी ने रतलाम मंडल समिति की बैठक में इस मांग को रखा। सांसद ने बताया कि इंदौर का दायरा लगातार बढ रहा है। ऐसे में यदि किसी व्यक्ति को लक्ष्मीबाई नगर से मूह तक जाना है तो अभी सडक ही एकमात्र रास्ता है। यदि इन्हीं दो स्थानों के बीच लोकल ट्रेन चला दी जाए तो लोकमान्य नगर, सैफी नगर, राजेंद्र नगर, राऊ स्टेशन समेत महू तक के यात्रियों को फायदा होगा। इंदौर की सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम करने के लिए लोकल ट्रेन असरकारक साबित होगी।
बैठक में सांसद ने कहा कि इंदौर मेन स्टेशन के री डेवलपमेंट कार्य को देखते हुए कई ट्रेनें डॉ. आंबेडकर नगर और लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से चलेंगी। ऐसे में ऑनलाइन बुकिंग के दौरान लक्ष्मीबाई नगर और डॉ. आंबेडकर नगर को ब्रेकेट में इंदौर में दिखाया जाए ताकि जनता को सहूलियत हो।

