MP के कई जिलों में बारिश और ओले गिरने के आसार
भोपाल. मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। बंगाल की खाडी से लगातार आ रही नमी के कारण छिंदवाडा, बैतूल समेत कई जिलों में वर्ष के साथ ओले भी गिर। छिंदवाडा में तो मानसून की तरह झमाझम वर्षा हुई है। करीब आधे घंटे में एक इंच वर्षा दर्ज की गई। बैतूल में ओले की चादर बिछ जाने से चारों तरफ कश्मीर जैसा द्रश्य नजर आने लगा। बरेठा घाट क्षेत्र में जमकर ओलावृष्टि होने से हर ओर ओले ही दिख रहे थे। सिवनी और मंडला में भी वर्षा हुई। वहीं भोपाल और नर्मदापुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहे जिससे दिन के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। विभाग ने मंगलवार के लिए भी वर्षा और ओले का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान नर्मदापुरम, जबलपुर, भोपाल, सागर, रीवा, शहडोल, ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में भी बौछारें पड़ने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने का सिलसिला शुरू होने से मंगलवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में भी वर्षा और ओले गिरने के आसार हैं। हालांकि इस दौरान इंदौर, उज्जैन संभाग के जिलों में सिर्फ बादल बने रह सकते हैं।

