MP में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी सपा, 14 अप्रैल को महू से अखिलेश यादव करेंगे शंखनाद
भोपाल. मध्यप्रदेश में साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) भी हाथ आजमाएगी। पार्टी सभी सीटों पर कैंडिडेट्स उतारेगी। 14 अप्रैल को पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव इंदौर के महू से चुनावी शंखनाद करेंगे। इसके बाद कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट भी घोषित कर दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष रामायण पटेल ने बताया कि पार्टी जॉइन करने वालों को राष्ट्रीय अध्यक्ष यादव महू में जॉइनिंग कराएंगे। वहीं, अब जो भी जॉइनिंग होगी, वह भोपाल में ही होगी। टिकट की घोषणा जरूर लखनऊ से की जाएगी। कुछ कैंडिडेट्स की लिस्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष यादव को दे दी है। पहले फेज में कैंडिडेट्स की घोषणा की जाएगी।
महू में अंबेडकर की जन्मस्थली पर जाएंगे
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादव 14 अप्रैल को महू आकर विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। वे बाबा भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यहां पर सभा को भी संबोधित करेंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनावी साल में यादव का यह पहला मध्यप्रदेश दौरा होगा।
इन मुद्दों पर लड़ेंगे चुनाव
प्रदेश अध्यक्ष पटेल ने बताया कि चुनाव में बेरोजगार, कर्मचारी, भ्रष्टाचार, किसान जैसे मुद्दे उठाएंगे। वहीं, सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे। सभी जिलों में आंदोलन किए जाएंगे।

