ICICI प्रूडेंशियल में चोरी करने वाला सुरक्षागार्ड गिरफ्तार
ग्वालियर. इंडस्ट्रियल क्रेडिट एंड इंवेस्टमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (ICICI) प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के ऑफिस में चोरी करने के बाद 2 लाख रूपये का टेरर टैक्स मांगकर धमकी भरा पत्र छोड़ने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ब्रांच कार्यालय में चोरी करने वाला ब्रांच का पूर्व सिक्योरिटी गार्ड निकला है।
पुलिस ने उसे दतिया से दबोच कर उसके पास चोरी के 2 लैपटॉप, सीसीटीव कैमरों की डीवीआर समेत अन्य कागज बरामद कर लिये है। आरोपी ने धमकी भरे पत्र में सुरक्षागार्ड मुहैया कराने वाले कंपनी सिम्स व सनराइज को टारगेट किया था। गिरफ्तार होने के बाद आरोपी बोला कि यह कंपनी वाले मेरी मेहनत का पूरा पैसा नहीं देते थे। इनको सबक सिखाने के लिये ही चोरी की थी।
क्या है घटनाक्रम
शहर की विश्वविद्यालय थाना पुलिस ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के ऑफिस में अनोखे अंदाज में चोरी की घटना के बाद से लगातार आरोपी को खोज रही थी। आरोपी ने चोरी की घटना के साथ ऑफिस हैड की टेबल पर एक लेटर छोड़ा था। इसमें 24 घंटे के अंदर दो लाख रुपए लेकर घाटीगांव हाईवे (एनएच-46) पर बुलाया था। कैश लेकर उसने सिक्योरिटी कंपनी सिम्स व सनराइज के सुपरवाइजर व मैनेजर को भेजने के लिए धमकाया था।अल्टीमेटम भी दिया था कि रविवार रात 9 बजे तक कैश नहीं आया, तो वह देर रात फिर आएंगे। घटना स्थल से पुलिस को एक नकाबपोश के फुटेज मिले थे। इसके अलावा धमकी भरे पत्र की हैंड राइटिंग व शब्द से भी यह काम किसी कम पढ़े लिखे व्यक्ति का लग रहा था। पत्र में कई बातें ऐसी थीं, जिसमें पुलिस को आशंका थी कि यह किसी पूर्व कर्मचारी का काम है। इसके बाद पुलिस ने ब्रांच ऑफिस में नौकरी से निकाले गए या काम छोड़कर गए सिक्योरिटी गार्ड की डिटेल निकाली। साथ ही चेक किया कि घटना के समय वहां किसी मोबाइल लोकेशन थी। इसके बाद पुलिस को संदेही मिल गया। पुलिस ने दतिया के इंदरगढ़ अंदर बस्ती निवासी गोविंद प्रसाद पुत्र मंगल प्रसाद गौड को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया है।

