अस्थायी जलाशय के प्लेटफॉर्म बढ़ाए गए
बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिये सागरताल के सामने बनाया गया है अस्थायी जलाशय
ग्वालियर – शहर में भगवान श्री गणेश जी की बड़ी एवं मध्यम प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए सागरताल के सामने अस्थायी जलाशय का निर्माण कराया गया है। अनंत चतुर्दशी को बड़े पैमाने पर यहाँ विसर्जन के लिए आने वाली भगवान गणेश की मूर्तियों को ध्यान में रखकर कलेक्टर रुचिका चौहान ने जलाशय के आस-पास विसर्जन से पूर्व मूर्तियाँ रखने के लिये बने प्लेटफॉर्म का विस्तार करने के निर्देश दिए थे।
इस परिपालन में नगर निगम द्वारा 3 भाग में प्लेटफॉर्म का विस्तार कर उसे और चौड़ा कर दिया गया है। साथ ही श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिये यहाँ अन्य सुविधायें भी जुटाई गई हैं। नगर निगम द्वारा धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखकर अस्थायी जलाशय पर साफ-सफाई का प्रबंध भी किया गया है।

