GWALIOR में 20 मिनट में दो चैन स्नेचिंग की वारदात
ग्वालियर. ग्वालियर. ग्वालियर में मंगलवार को दिनदहाड़े यह बाइक सवार लुटेरे एक प्रॉपर्टी डीलर के गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ले गए हैं। वारदात मुरार के छह नंबर चौराहा पर उस समय हुई जब प्रॉपर्टी डीलर अपने डॉग को सैर कराने निकले थे। वारदात पास ही लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। बाइक सवार बदमाशों ने मुंह पर मास्क पहना हुआ था। साथ ही उनकी बाइक की आधी नंबर प्लेट टूटी हुई थी। इस वारदात के 5 मिनट बाद ही गोला का मंदिर मेला ग्राउंड पर इसी तरह बाइक सवारों द्वारा चेन लूट की खबर मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई नहीं मिला। मुरार पुलिस ने फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
लुटेरों के पीछे दौड़ लगाई पर नहीं पकड़ पाए
वारदात का पता चलते ही प्रॉपर्टी डीलर ने बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़ लगाई और उनकी बाइक का नंबर लेने के लिए जैसे ही नंबर प्लेट पर नजर डाली तो पता चला कि बदमाशों ने नंबर प्लेट तोड़ी हुई लगाई थी। गाड़ी का आखिरी नंबर सिर्फ एक ही नजर आया। जिससे बाइक सवार बदमाशों का सुराग लगा पाना बहुत मुश्किल है। वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी के बाद बदमाशों की तलाश में शहर भर की नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि गोला का मंदिर थाना स्थित मेला ग्राउंड में भी एक चेन लूट इसी तरह के हुलिया वाले बदमाशों ने की है। पर पुलिस को स्पॉट पर कोई नहीं मिला। दोपहर तक कोई फरियादी थाने नहीं पहुंचा था।
यह था हुलिया
लूट के शिकार प्रॉपर्टी डीलर ने बताया कि वह सड़क के रॉन्ग साइड वॉक करते हुए जा रहे थे और बदमाशों ने भी उसी साइड पर आकर पीछे से वारदात को अंजाम दिया था। दोनों बदमाश की उम्र 20 से 25 रही होगी। बाइक चला रहे बदमाश ने पीली टी-शर्ट पहनी हुई थी और पीछे बैठे बदमाश ने सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी।
पुलिस का कहना
एएसपी क्राइम राजेश दंडौतिया ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। दूसरी घटना का फरियादी अभी शिकायत करने के लिए नहीं आया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। सुराग मिल गया है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा

