EOW ने 3 जिलों के 5 ठिकानों पर छापेमारी की कार्यवाही
भोपाल. मध्यप्रदेश में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया है। ईओडब्ल्यू की जबलपुर और सागर जिले की टीमों ने आज कई ठिकानों पर छापेमारी की है। ईओडब्ल्यू की टीमों ने आय से अधिक संपत्ति के 3 अलग अलग मामलों में 5 जगहों पर छापेमारी की है। जिनके ठिकानों पर छापेमारी की गयी है। उनमें निवाड़ी जल संसाधन विभाग के टाइमकीपर कैलाशचंद्र मिश्रा, मंडला में नैनपुर समिति प्रबंधक गणेश जयसवाल, चाकोर नैनपुर समिति प्रबंधक राजू जयसवाल शामिल है।
क्या है पूरा मामला
जल संसाधन विभाग निवाड़ी के टाइम कीपर कैलाश चंद्र मिश्रा के घर परEOW ने छापेमारी की है। छापेमारी में पता चला है कि कैलाश चंद्र मिश्रा ने वैधानिक स्त्रोतों से प्राप्त आय से करीब 110 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित की है। मंडला जिले में ईओडब्लू ने दो जगहों पर छापेमारी की है। जिनमें नैनपुर समिति प्रबंधक गणेश जायसवाल के पास आय से 600 फीसदी अधिक संपत्ति मिली है। वहीं चाकोर नैनपुर समिति के प्रबंधक राजू जायसवाल के यहां छापेमारी में ईओडब्लू की टीम को आय से 1100 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिली है। बता दें कि हाल के दिनों में ईओडब्लू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी की है। बीते अगस्त माह में ही ईओडब्लू ने जबलपुर के आरटीओ के घर छापेमारी की थी ।छापेमारी में आरटीओ की दौलत और उनका लग्जरी लाइफ स्टाइल देखकर ईओडब्लू की टीम भी हैरान रह गई थी ।जांच में जबलपुर आरटीओ के घर से ईओडब्लू की टीम को 16 लाख रुपए नगद मिले थे।आरटीओ के घर में सुख सुविधाओं के इतने पुख्ता इंतजाम थे कि आरटीओ के घर में एक निजी थियेटर, कई लग्जरी गाड़ियां, आधा दर्जन आशियाने और फार्महाउस के दस्तावेज मिले थे ।
बिशप के ठिकानों पर मिली अकूत संपत्ति
पिछले महीने ही ईओडब्ल्यू ने ही जबलपुर के बिशप पीसी सिंह के ठिकानों पर छापेमारी कर उनकी अकूत संपत्ति का खुलासा किया था। जिसके बाद पूरे देश में इस मामले ने सुर्खियां बटोरी थी। बिशप के घर पर छापेमारी में एक करोड़ 65 लाख नगद, 18 हजार की विदेशी करेंसी और 80 लाख रूपये से अधिक के सोने की ज्वेलरी मिली थी। इसके अलावा लग्जरी कारें और विदेशी घडि़यां भी बरामद की गयी थी।

