CM का डबल टाइम पैसा ट्रांसफर प्लान, इन्हें भी भेजेंगे राहत
भोपाल. मध्य प्रदेश की लाडली बहनों को खुश करने के साथ ही सीएम मोहन यादव ने शुक्रवार 13 जून को डबल टाइम पैसा ट्रांसफर करने का ऐलान किया है। इसके तहत सीएम लाडली बहना योजना के साथ ही सीएम संबल योजना की राशि भी खातों में भेजेंगे।
जबलपुर में होगा कार्यक्रम
सीएम मोहन यादव संबल योजना के तहत अनुग्रह सहायता के 6821 प्रकरणों में 150 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करेंगे। जबलपुर के बरगी में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में ये राशि पात्रों के खातों में भेजी जाएगी। इस दौरान कार्यक्रम में श्रम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
रियायती दर पर मिलता है खाद्यान्न
संबल योजना के पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न पात्रता पर्ची भी दी जाती है, ताकि वे केन्द्र तथा राज्य सरकार की ओर से रियायती दरों पर मिलने वाला राशन प्राप्त कर सकें।
मध्यप्रदेश सरकार की योजना
संबल योजना का श्रेय मध्यप्रदेश सरकार को जाता है। 2018 में शुरू की गई इस योजना के तहत प्रदेश में असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लाखों श्रमिकों को दी जाने वाली राहत योजना है। जो जन्म से मृत्यु तक उसे राहत प्रदान करती है। इन सभी संबल हितग्राहियों को आयुष्मान भारत निरामय योजना अंतर्गत पात्र श्रेणी में चिन्हित किया गया है, उन्हें 5 लाख रुपए वार्षिक निःशुल्क चिकित्सा का लाभ भी दिया जा रहा है।

