रायपुर. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में कोबरा 208 बटालियन के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त एनकाउंटर चल रहा है। इस एनकाउंटर में कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। एनकाउंटर नक्सल प्रभावित किस्टारामा के पालचामा की पहाडि़यों में चल रही है। एक जवान के शहीद होने की खबर मिल रही है। वहीं, पुलिस ने दावा किया है कि इस एनकाउंटर में कई नक्सली मारे जाने की भी खबर है। घटना की पुष्टि सुकमा एसपी ने की है।
क्या पूरा है मामला
घटनास्थल पर बैकअप पार्टी को भी रवाना किया गया है। घटना की पुष्टि सुकमा के SP सुनील शर्मा ने की है। मिली जानकारी के अनुसार, किस्टाराम इलाके में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर कोबरा बटालियन के जवानों को सर्चिंग के लिए भेजा गया था। जब जवान पालाचमा की पहाड़ियों पर पहुंचे तो माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। कोबरा के जवानों ने फौरन मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया। इस मुठभेड़ में कोबरा के जवान वीरेंद्र सिंह को गोली लगी थी। जिन्हें घटनास्थल से निकाला और हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेफर करने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन घायल जवान ने इलाज से पहले ही दम तोड़ दिया और शहीद हो गए। फिलहाल पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है।
महिला माओवादी को ढेर
वहीं सुकमा, दंतेवाड़ा और जगदलपुर जिले की सरहद पर तोंगपाल, टहकवाड़ा क्षेत्र के ग्राम मोरेंगा, जुनापानी, जैमेर पहाड़ी, नंदेल डोंगरी, मारजुम और ध्रुवापारा क्षेत्र में दरभा डिवीजन के DVMC मंगतू, कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य मंहगू, मुन्नी, प्रदीप, सोमडू के साथ लगभग 20-25 की संख्या में हथियार बंद माओवादियों की उपस्थित होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर तीनों जिलों से जवानों को निकाला गया था। इस बीच सुकमा के टहकवाड़ा और कटेकल्याण के मारजुम इलाके में जवानों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई जवानों ने एक महिला माओवादी को ढेर किया है। जिसकी शिनाख्त ACM मुन्नी के रूप में हुई है।