BJP MP- ओलावृष्टि से प्रभावित ग्रामीण अंचल का सांसद शेजवलकर ने किया दौरा
मुख्यमंत्री से किया तुरन्त प्रभाव से मुआवजा दिलवाने का आग्रह
ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विवेक शेजवलकर ने भितरवार एवं डबरा विधानसभा के ग्रामीण अंचल में शनिवार रात्रि को हुई ओलावृष्टि प्रभावित गांवों का एसडीएम व संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर जायजा लिया। सांसद ने तुरन्त. प्रभाव से ओलावृष्टि से हुये फसलों के भारी नुकसान के बारे में मुख्यमंत्री को ईमेल के माध्यम से अवगत कराते हुये लिखा कि ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र भितरवार एवं डबरा विधानसभा के ग्रामीण अंचल में कल शनिवार को ओलावृष्टि से फसलों का भयंकर नुकसान हुआ है। आज रविवार को मैंने ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों का दौरा किया। ऐसा अनुमान है कि ओलावृष्टि के कारण विशेषकर सरसों गेहूं, मटर और सभी तरह की सब्जियों की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गयी है। लगभग 100 प्रतिशत हानि हुई है। ओलावृष्टि से डगौरा सबराई आरौन पाटइ सेकरा बराहना करइया बडकागांव रिठौदन स्याउ बेला पचौरा ईटमा दुबा दुबई मसूदपुर सहित अनेक गांव प्रभावित हुये है।
सांसद शेजवलकर ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जल्द से जल्द नष्ट हुई फसलों का सर्वे करवाकर किसानों को मुआवजा दिलवाने का कष्ट करे। साथ ही फसल बीमा की राशि का भुगतान भी तत्काल प्रभाव से करवाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित करने का कष्ट करें। ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार इस संकट की घडी में उनके साथ खडी है और उनका प्रयास है कि उनकी नष्ट हुई फसलों का तुरन्त प्रभाव से सर्वे हो और उन्हें मुआवजा मिल सके। भ्रमण के दौरान सांसद विवेक शेजवलकर के साथ जिलाध्यक्ष ग्रामीण कौशल शर्मा पूर्व अध्यक्ष वीरेन्द्र जैन, प्रदुम्न सिंह पटेल, राजू शर्मा पाटई, हेमन्त मिश्रा, रविन्द मिश्रा, अनिल सिंह चौहान, अमर सिंह कौरव सहित एसडीएम. अश्विनी रावत और अनेक अधिकारी भी उपस्थित थे।

