ATM काटने वाले खुर्शीद का खुलासाः उप्र में एनकाउंटर का डर इसलिए ग्वालियर को चुना, गैंग में 35 लोग शामिल, अलग टीम बनाकर वारदातों को अंजाम देते थे
मुरैना. ATM काटने वाले मास्टरमाइंड खुर्शीद खान ने मुरैना SP के सामने खुलासा किया है। उसने बताया कि अपराध की दृष्टि से मध्यप्रदेश सबसे अधिक सुरक्षित है। यही वजह है कि उसने सबसे अधिक अपराध यहां किए हैं। उसने बताया कि यूपी में उसने इसलिए अपराध नहीं किए क्योंकि यूपी पुलिस तुरंत एनकाउंटर कर देती है। मुरैना व ग्वालियर की पुलिस की संयुक्त टीम ने मास्टरमाइंड खुर्शीद खान को हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार किया था। इस काम में शामिल उसके तीन अन्य साथी भाग जाने में सफल रहे हैं। उनका पता पुलिस लगा रही है।
2 साथियों को एनकाउंटर कर चुकी यूपी पुलिस
खुर्शीद खान ने मुरैना एसपी आशीष बागरी को बताया कि यूपी पुलिस से उसे बहुत डर लगता है क्योंकि उसके दो साथियों का यूपी पुलिस एनकाउंटर कर चुकी है। अपने दो साथियों के मारे जाने के बाद उसने मध्यप्रदेश की तरफ रुख किया और यहां एटीएम काटने की ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दिया।
मध्यप्रदेश में वारदात करने में जोखिम नहीं
खुर्शीद खान ने एसपी बागरी को बताया कि मध्यप्रदेश में अन्य प्रान्तों के मुकाबले वारदात करना आसान है। यहां वारदात करने के बाद पुलिस पकड़ नहीं पाती है। इसके साथ ही यहां एनकाउंटर भी नहीं किए जाते हैं। यही वजह है कि उसने व उसकी गैंग ने मध्यप्रदेश को अपना निशाना बनाया।
गैंग में 35 लोग शामिल
पुलिस को खुर्शीद ने बताया कि उसकी एटीएम काटने की गैंग में 35 लोग शामिल हैं। यह लोग अलग-अलग टीम बनाकर वारदातों को अंजाम देते हैं।
पहली टीम का सदस्य जाता था साथ में
खुर्शीद खान ने बताया कि अगर उन्होंने किसी शहर में एटीएम काटा तो दोबारा दूसरे एटीएम को निशाना बनाने के लिए वही टीम नहीं जाती थी। इसका कारण उनको पहचानने का डर था। इसलिए वे पहले एटीएम काटने वाली गैंग के केवल एक ही सदस्य को साथ में ले जाते थे जो रास्तों से अच्छी तरह वाकिफ होता था। उसने बताया कि वारदात करने के बाद भागने के लिए वह पहले ही गूगल नेट से रास्तों की जानकारी ले लेते थे जिससे वारदात करने के बाद आसानी से भागा जा सके।
बड़ा भाई जाकिर खान करता था बटवारा
खुर्शीद खान ने पुलिस को बताया कि ATM काटने के बाद जो भी रुपए निकलते थे वह सभी रुपए सभी गैंग के सदस्य उसके बड़े भाई जाकिर खान के सामने रख देते थे। उसके बाद जाकिर खान गैंग के सभी सदस्यों में रुपयों का बटवारा करता था।

