ANM पर अतिरिक्त काम का दबाव, एसोसिएशन ने CHMO को सौंपा ज्ञापन

पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों के बावजूद एएनएम पर कार्रवाई का आरोप, समय-सीमा तय करने और अवकाश के दिन काम के बदले अतिरिक्त अवकाश देने की मांग
ग्वालियर। अनमोल और यूविन पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों के कारण लक्ष्य प्रभावित होने के बावजूद कार्रवाई एएनएम पर किए जाने के विरोध में संयुक्त एएनएम एसोसिएशन (संविदा-नियमित कर्मचारी संघ) ने आवाज उठाई है। एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष विमलेश शर्मा ने एएनएम की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर को ज्ञापन सौंपा।
विमलेश शर्मा ने बताया कि अनमोल और यूविन पोर्टल पर आए दिन तकनीकी समस्याएं आती रहती हैं। इसके बावजूद लक्ष्य पूरा नहीं होने पर कार्रवाई केवल एएनएम के खिलाफ की जाती है। जबकि संबंधित कार्य की पूरी प्रोत्साहन राशि सीएचओ को दी जाती है। ऐसे में एएनएम पर कार्रवाई किया जाना न्यायोचित नहीं है। एसोसिएशन ने डीएस पोर्टल पर एंट्री के लिए एएनएम पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि ऑनलाइन कार्य के लिए विभाग ने डाटा ऑपरेटर, एलडीसी-एमआई, पीएचएम, सीएचओ सहित अन्य कर्मचारियों को नियुक्त किया है। इसके बावजूद एएनएम से ही ऑनलाइन एंट्री का काम कराया जा रहा है।
विमलेश शर्मा ने कहा कि एएनएम तृतीय श्रेणी कर्मचारी हैं, लेकिन उनके समकक्ष कर्मचारियों द्वारा आदेशात्मक भाषा का इस्तेमाल किया जाता है। इस पर तत्काल संज्ञान लेकर एएनएम के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एएनएम से उनके निर्धारित कार्य के अलावा लगातार अतिरिक्त काम कराया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बढ़ रहा है। ज्ञापन में एएनएम के काम की समय-सीमा तय करने, अवकाश के दिन कराए जाने वाले कार्य के बदले अतिरिक्त अवकाश देने तथा वाट्सऐप पर किसी भी समय मैसेज भेजकर काम का दबाव बनाने के बजाय विभागीय आदेश जारी करने की मांग की गई। इसके अलावा टीकाकरण के दौरान वीसी के लिए बाध्य नहीं करने, एक एएनएम से दो सब हेल्थ सेंटरों का काम नहीं कराने और समग्र आईडी नहीं होने वाली गर्भवती महिलाओं की आईडी बनवाने के लिए एएनएम को बाध्य नहीं करने की मांग भी रखी गई। सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर ने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा।

