DGP सुधीर सक्सेना को भावभीनी विदाई

भोपाल, – पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना के सेवानिवृत्ति के अवसर पर विदाई परेड का आयोजन मोतीलाल नेहरू पुलिस स्‍टेडियम भोपाल में किया गया। परेड से पहले पुलिस महानिदेशक ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। विदाई परेड में परेड कमाण्‍डर की जिम्‍मेदारी सुश्री सोनाक्षी सक्‍सेना डीसीपी इंटेलिजेंस भोपाल तथा परेड टूआईसी सहायक सेनानी रवि शर्मा के नेतृत्व में 8 प्‍लाटून तथा पुलिस बैण्ड दल द्वारा परेड की गई। पुलिस महानिदेशक द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया उसके बाद आकर्षक मार्च पास्ट हुआ।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर अपने संबोधन में सुधीर सक्सेना ने कहा कि एक अत्यंत भव्य परेड़ का आज आपने प्रदर्शन किया है। इसके लिये मैं आप सभी को बहुत बहुत बधाई देता हूं। आपके इस प्रदर्शन के लिए मैं एडीजी एसएएफ तथा उनकी पूरी टीम को भी धन्यवाद देता हूँ, जिनके अथक परिश्रम एवं समर्पण के फलस्वरूप आपके उच्च कोटि के प्रदर्शन के हम सभी साक्षी बने हैं। उन्‍होंने कहा कि सर्वप्रथम मैं मध्यप्रदेश पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए हृदय की गहराईयों से उनका स्मरण करता हूं। इन शहीदों के आत्मदान की नींव पर ही मध्यप्रदेश पुलिस की गौरवशाली इमारत खड़ी हुई है। समस्त शहीदों और उनके महान परिजनों के बलिदान के प्रति मैं अपना विनम्र अभिवादन प्रस्तुत करता हूं।
मुझे इस बात का भी संतोष है कि हमारे प्रयासों से पुलिस कर्मियों के लिये पेट्रोल भत्ता, एसएएफ के लिये विशेष भत्ता, पोष्टिक आहार भत्ता, निःशुल्क भोजन भत्ते की दर व वर्दी भत्तें में बढ़ोत्तरी राज्य शासन के सकारात्मक दृष्टिकोण से संभव हो सकी। साथ ही हमारे राज्य पुलिस सेवा के साथियों के लिये पंचम वेतनमान की स्वीकृति भी संतोष का विषय रही। अंत में पुलिस महानिदेशक ने कहा कि मैं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के रूप में कैलाश मकवाणा की नियुक्ति पर मध्यप्रदेश पुलिस को बधाई देता हूं। मैं आशा करता हूं कि जो स्नेह व सहयोग आप सभी ने मुझे दिया वह उन्हें भी प्राप्त होता रहेगा। वे एक अत्यंत ही ईमानदार, कर्तव्य निष्ठ व व्यवसायिक रूप से दक्ष अधिकारी हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश पुलिस नई उंचाईयों को छूएगी तथा नई दिशा व दृष्टि के साथ उच्च मनोबल से सराबोर होकर आगे बढ़ेगी। मैं उन्हें बहुत बहुत शुभकामनाएं देता हूं। विदाई परेड के पश्चात डीजीपी सुधीर सक्सेना पुलिस मुख्यालय पहुंचे जहां उन्होंने नवनियुक्त डीजीपी कैलाश मकवाना को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए बेटन सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *