ग्वालियर की लड़की लव जिहाद का शिकार हुई, मदद की गुहार लगाई
ग्वालियर. ग्वालियर की एक लड़की का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो खुद को लव जिहाद का शिकार बताते हुए मदद की गुहार लगा रही है। लड़की का कहना है कि उसके साथ प्रेम के नाम पर धोखा हुआ है। उसके प्रेमी ने खुद को हिन्दू बताकर शादी कर ली। शादी के बाद जब लड़की को इस बात का पता लगा तो उसका भी धर्म परिवर्तन करा दिया गया। इतना ही नहीं लड़की का आरोप था कि उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। वीडियो में लड़की ने शरी पर अपने जख्म भी दिखाए है।
लड़की अपने परिजनों के पास ग्वालियर आ चुकी
जब ये वीडियो अधिकारियों तक पहुंचा तो इस मामले की जांच की गई। ग्वालियर के एसपी अमित सांघी ने बताया कि लड़की अपने परिजनों के पास ग्वालियर आ चुकी है। लड़की और उसके परिजनों ने जम्मू में मामला दर्ज कराया है। ग्वालियर पुलिस पीडि़त परिवार और जम्मू पुलिस से लगातार संपर्क में है। एसपी का कहना है कि लड़की और उसके परिवार को धोखे में रखकर शादी की गई थी।
ग्वालियर पुलिस, जम्मू पुलिस के अधिकारियों से लगातार संपर्क में
एसपी अमित सांघी ने आगे बताया कि सोशल मीडिया पर जब वीडियो वायरल हुआ तो मामले की पड़ताल की गई। जिसमें जांच में सामने आया है कि लड़की जनकगंज इलाके की रहने वाली है जिसके बाद महिला सब इंस्पेक्टर को उनके घर पर भेजा गया। वहां पता चला कि लड़की अपने घर वापस आ चुकी है। लड़की का कहना है कि वो लोग जम्मू में लड़के वालों के खिलाफ मामला दर्ज करा चुके है। अब वह अलग से ग्वालियर में कोई प्रकरण दर्ज नहीं कराना चाहती है। ग्वालियर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जम्मू पुलिस के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर रहे है।

