MP में गायक सलमान अली के कार्यक्रम में बजरंग दल का हंगामा, बिना गाए लौटना पड़ा
सतना. शनिवार को इंडियन आईडल फेम सलमान अली और स्नेहा शंकर आए थे इसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता रिसोर्ट में पहुंच गए और विरोध करने लगे जिसके बाद उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। बजरंग दल के विरोध के कारण समलान अली स्टेज पर नहीं आ पाए और उन्हें बिना गाए ही वापस लौटना पड़ा। दरअसल सलमान अली ने शाहरूख के एक विवादित बयान का समर्थन किया था जिसके कारण बजरंग दल ने विरोध किया।
कार्यक्रम की कई महीनों से तैयारी चल रही थी
यह कार्यक्रम शहर के एक उद्योगपति करा रहे थे जिसकी तैयारी कई महीने से चल रही थी। टिकटों की बिक्री के साथ फ्री एंट्री पास भी बांटे गए थे। रात को बजरंग दल ने सलमान के कार्यक्रम के विरोध का ऐलान कर दिया। आयोजकों और प्रशासन में कार्यक्रम रद करने और सलमान अली को न बुलाने पर सहमति बन गई थी लेकिन रविवार रात करीब 9 बजे कार्यक्रम शुरू हो गया। गायिका स्नेहा शंकर प्रस्तुति दे ही रही थी कि बजरंग दल के कार्यकर्ता भी विरोध करने पहुंच गए। पुलिस ने विवाद बढ़ता देख कार्यक्रम बंद करवा दिया। आयोजकों ने जब सवाल किए तो उन्हें रात 10 बजे तक की अनुमति का हवाला दिया गया।
बजरंग दल के जिला संयोजक रावेंद्र सिंह ने बताया शाहरूख खान ने इंडियन आइडल में बयान दिया था कि देश में अब डर लगता है। तब सलमान अली ने उनके बयान का समर्थन दिया। तब से बजरंग दल ने एलान किया कि जहां-जहां भी सलमान अली के कार्यक्रम होंगे वहां विरोध किया जाएगा, इसलिए सतना में भी कार्यक्रम का विरोध किया गया।

