6 कम्युनिटी हैल्थ ऑफीसर को सेवा से बर्खास्त करने एवं 2 सीएचओ के वेतन काटने के निर्देश
ग्वालियर – कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले कम्युनिटी हैल्थ ऑफीसर (सीएचओ) के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं 6 सीएचओ को सेवा से बर्खास्त करने तथा 2 सीएचओ को अपने कर्तव्य पर जितने दिन अनुपस्थित रहे हैं, उससे दोगुना दिनों का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं का आम जनों को समय पर लाभ मिले, इसके लिये सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुस्तैदी के साथ कार्य करने की हिदायत दी है।
कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान कहा कि जिले में कई कम्युनिटी हैल्थ ऑफीसर अपने कर्तव्य स्थल पर न जाकर कहीं से भी एप पर अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। इसके साथ ही बिना अनुमति के अपने कर्तव्य स्थल पर नहीं पहुँच रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अमले को स्पष्ट रूप से कहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी।
संचालित एनआरसी केन्द्रों की समीक्षा के दौरान कहा है कि जिले के सभी एनआरसी केन्द्र पूरी क्षमता के साथ संचालित हों, यह सुनिश्चित किया जाए। एनआरसी में जितने भी बैड उपलब्ध हैं, उनका बेहतर उपयोग हो ताकि कुपोषण निवारण के बेहतर परिणाम सामने आ सकें। इसके साथ ही मातृ मृत्यु दर की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया है कि जिले में गर्भवती माताओं की एचआरपी क्लीनिक में समय पर जाँच हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए।
इनके विरूद्ध हुई कार्रवाई
कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में जिन कम्युनिटी हैल्थ ऑफीसर (सीएचओ) को सेवा से बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं, उनमें शशिकला कुमारी घरसोंदी, दीपक सिंह तोमर नौगांव, केपी राणा देवरा, शिवेन्द्र सिंह तोमर गढ़रौली, विकेन्द्र सिंह गिजौर्रा व अनुपमा यादव पार शामिल हैं। इसके साथ ही जिनके वेतन काटने के निर्देश दिए हैं उनमें उपदेश राजौरिया छोटी अकबई एवं कनूप्रिया आहूजा गिरवई शामिल हैं।

