भैंस खरीदने के लिये दोस्त के घर गई 55 लाख रूपये की चोरी, लड़की वालों पर शक, 17 दिन बाद खुला चोरी का राज

मुरैना. नंदपुरा गांव में एक सेवानिवृत्त फौजी के घर से 55 लाख रूपये की चोरी का मामला सामने आया था। मामले का सबसे चौकाने वाला पहलू यह है कि चोरी का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि फौजी का जिगरी दोस्त निकाला है। उसने सिर्फ एक लाख रूपये की भैंस खरीदने के लालच में एक शातिर इमानी गैंग से दोस्त के घर की मुखबिरी कर दी। देवगंढ़ थाना पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता (दोस्त) समेत गैंग के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी का पूरा सामान भी बरामद कर लिया गया है।

क्या है मामला
सेवानिवृत्त फौजी विष्णु सिकरबार के बेटे (जो स्वयं सेना में हैं) के लिये 22 मई को भिंड से लड़की वाले रिश्ता लेकर आये थे। सुबह 11 -5 बजे तक घर में मेहमान नवाजी और चर्चा का दौर चला। मेहमानों के जाने के लगभग 1 घंटे के बाद जब फौजी विष्णु सिकरवार भीतर गये तो उन्हें अपनी लायसेंसी बन्दूक गायब मिली। जब पूरे घर की तलाशी ली गयी तो उनके होश उड़ गये। घर में मायके आयी उनकी 2 विवाहित बेटियों के गहने, बक्से और लगभग 1.50 लाख नगद गायब थे। छत पर जाने पर पीछे के खेत में टूटे हुए सूटकेस पड़े मिले। दिनदहाड़े हुई इस चोरी से गांव में यह अफवाह फैल गयी। लड़की वालों ने परिवार को सम्मोहित कर चोरी की है।
पुलिस जांच में खुला राज, दिन में नहीं, रात में हुई थी चोरी
मामले की जांच कर रहे एसपी धर्मराज मीणा को मुखबिर से सूचना मिली कि इस वारदात के पीछे 32 हजार रुपए के इनामी बदमाश रामस्वरूप उर्फ स्वरूपा गुर्जर का हाथ हो सकता है। पुलिस ने जब स्वरूपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरी कहानी ही बदल गई। पता चला कि चोरी 22 मई को दिन में नहीं, बल्कि 21 मई की रात को ही हो चुकी थी। परिवार के लोग रात में कूलर चलाकर सो रहे थे, तभी चोर खेतों के रास्ते छत से होते हुए घर में घुसे और माल समेटकर फरार हो गए। दिन में तो सिर्फ उसका पता चला था, जिसके कारण लड़की वालों पर गलत शक गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस पूरी कहानी का असली सूत्रधार फौजी का दोस्त रामप्रकाश उर्फ रम्पा सिकरवार था। कुछ दिन पहले इनामी बदमाश स्वरूपा के बेटे के जन्मदिन की पार्टी थी। वहां रम्पा ने कहा कि उसे भैंस खरीदने के लिए 1 लाख रुपए की जरूरत है।
शातिर चोर स्वरूपा ने रम्पा के सामने प्रस्ताव रखा कि अगर वह किसी बड़े घर की सटीक जानकारी (टिप) देगा तो उसे 1 लाख रुपए मिलेंगे। लालच में आकर रम्पा ने अपने ही फौजी दोस्त के घर का पूरा राज खोल दिया कि उसकी दोनों बेटियां गहनों के साथ मायके आई हुई हैं।

