Newsमप्र छत्तीसगढ़

विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को ग्वालियर में होंगे पर्यावरण संरक्षण पर केन्द्रित कार्यक्रम 

ग्वालियर, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्वालियर जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन के निर्देशानुसार नगर निगम ग्वालियर द्वारा श्रमदान, पौधारोपण, ई-बाइक रैली, ग्रीन एक्सपो, रक्तदान शिविर एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित अनेक आयोजन किए जायेंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस पर सुबह 6 बजे रमौआ बांध पर विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद सुबह 7 बजे पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। सुबह 7.30 बजे ई-बाइक एवं ई-स्कूटी रैली के प्रतिभागियों का एकत्रीकरण होगा तथा सुबह 7.40 बजे पर्यावरण शपथ के साथ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
यह रैली कैप्टन हिल्स से प्रारंभ होकर सन वैली, कलेक्ट्रेट कार्यालय, आकाशवाणी चौराहा, गोविंदपुरी, अलकापुरी और तानसेन चौराहा होते हुए बाल भवन पहुँचेगी। रैली का उद्देश्य वायु प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों को जागरूक करना है।
बाल भवन में सुबह 8.40 बजे ग्रीन एक्सपो शुरू होगा। इसके साथ ही रक्तदान शिविर, नुक्कड़ नाटक, जन-जागरूकता कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण समारोह एवं पावर योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा मर्सी होम एवं शहर के विभिन्न पार्कों में पौधारोपण, प्रमुख चौराहों पर ग्रीन शेड की स्थापना, पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों पर डस्टबिन स्थापना तथा कपड़े के थैलों का वितरण भी किया जाएगा। नगर निगम ने सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिक संगठनों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *