ग्वालियर में बच्ची की रेप के बाद हत्या करने वाला आरोपी को 18 दिन बाद पकड़ा, आरोपी ने दरोगा से की मारपीट
ग्वालियर. ग्वालियर में 18 दिन पहले 9 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या करने का आरोपी पकड़ा गया। गिरफ्तारी के दौरान वह दरोगा से भिड़ गया और मारपीट करने लगा। दरोगा सिविल ड्रेस में थे, इस वजह से लोगों ने उनके साथ झूमाझटकी कर दी। बाद में जब सच पता चला तो आरोपी को धुनते हुए दरोगा के हवाले किया। गिरफ्तारी के बाद गिड़गिड़ाते हुए बोला- साहब, नशे में बहक गया।
दुकानदार की सूचना पर पुलिस ने पकड़ा
आरोपी रिश्ते में मासूम का बाबा (पिता का मामा) लगता है। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए इनाम घोषित किया था। SSP अमित सांघी ने बताया कि आरोपी कल्लू राठौर को हजीरा चौराहे से एक दुकानदार की सूचना पर पुलिस ने पकड़ा है। दरिंदे ने 26 जून को रिश्ते में लगने वाली 9 वर्षीय पोती से हैवानियत की थी। मासूम को कुल्फी बहुत पसंद थी। आरोपी ने बच्ची को कुल्फी दिलाने का लालच दिया और रेल की पटरियों के पास झाड़ियों में ले गया। उसके साथ दरिंदगी की। इसके बाद पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। 28 जून को बच्ची का शव पुलिस को मिला था। पुलिस को एक स्पॉट से CCTV कैमरे के फुटेज मिले थे। इसमें आरोपी बच्ची का हाथ पकड़कर उसे ले जाता दिख रहा था। फुटेज मिलने के बाद से ही वह फरार हो गया था। बच्ची से रेप करने वाले आरोपी ने वारदात के बाद बड़ी बेरहमी से उसकी हत्या की थी। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जो दर्दनाक कहानी सामने आई, वो रूह कंपा देने वाली है। रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची के चेहरे की 14 और सिर की 6 यानी कुल 20 हडि्डयां बुरी तरह डैमेज मिलीं। नाक की हड्डी तो बची ही नहीं।
हत्या के बाद 18 दिन से लगातार भाग रहा था
आरोपी बुधवार सुबह चार शहर का नाका पर पहुंचा तो एक दुकानदार ने उसे पहचान लिया और हजीरा थाने में सूचना दी। दरिंदा हाथ से न निकल जाए, इसे देखते हुए दरोगा रामेंद्र सिंह सिविल ड्रेस में चार शहर का नाका चौराहे पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी दारोगा से भिड़ गया और उनके बीच मारपीट होने लगी, तभी भीड़ जुट गई और गलतफहमी में दरोगा से झूमाझटकी कर उनकी शर्ट फाड़ दी। जब दरोगा ने अपना परिचय और आरोपी की जानकारी दी तो पब्लिक ने उसकी धुनाई लगाना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दरोगा ने किसी तरह उसे बचाया और लोगों की मदद से थाने लेकर पहुंचे। जब पुलिस आरोपी कल्लू राठौर को लेकर थाने पहुंची और उससे पूछताछ की तो वह बोला- साहब, शराब के नशे में सब हो गया। मैं नशा करके लौट रहा था। सामने बच्ची खेलते मिल गई। नशा ज्यादा होने पर मैं बहक गया था। मुझे पता था उसे कुल्फी पसंद है। कुल्फी का लालच देकर उसे ले गया। पहचाने जाने के डर से उसकी हत्या करना पड़ी। हत्या के बाद 18 दिन से लगातार भाग रहा था। थक गया तो ग्वालियर वापस लौटा था।

