ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर गिर्राज जी जाने वालाें की भीड़ कम हुई, अब लाैटने वालाें की बढ़ेगी
ग्वालियर. स्टेशन पर गुरु पूर्णिमा पर गिर्राजी जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बुधवार से कम होने लगी है। भीड़ कम होने के चलते दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रा करने वालाें काे कुछ राहत मिल गई, लेकिन अब दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ने लगी है। लोग आरक्षित डिब्बों में सवार होकर आ रहे हैं। जिसके चलते आरक्षित टिकट पर सफर करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लौटने वालों की भीड़ दो दिनों तक रहेगी। ज्ञात हाे कि दिल्ली की ओर से जाने वाली ट्रेनों में श्रद्धालुओं ने आरक्षित सीटों पर भी कब्जा कर लिया था। प्लेटफार्म भी यात्रियों से खचाखच भरे हुए थे। क्योंकि वर्षा के कारण दक्षिण से आने वाली ट्रेनें देर से आईं।
ट्रेनों में कोविड-19 के प्रतिबंध हट गए हैं। यात्री सामान्य टिकट पर यात्रा कर सकते हैं। इस बार बड़ी संख्या में लोग गिर्राजजी की परिक्रमा के लिए गए हैं। शहर सहित अंचल के श्रद्धालु बड़ी संख्या में ग्वालियर से ट्रेन में सवार हुए। इस कारण भीड़ बढ़ गई है। ट्रेन में सवार होने के लिए लोग पटरियों पर भी खड़े रहे। लाेगाें ने दूसरी तरफ से घुसने का भी प्रयास किया। कुछ लाेग इमरजेंसी खिड़कियों से भी ट्रेन में सवार हुए। टायलेट में भी कब्जा जमा लिया। साथ ही ताज एक्सप्रेस पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। यह ट्रेन झांसी से ही खचाखच भरकर आई। यात्रियों की भीड़ के चलते चेन पुलिंग की घटनाएं भी हुईं। रेलवे को गिर्राजजी जाने वाले यात्रियों से करीब 50 लाख रुपये की आय हुई है। भीड़ के आगे पूरा सिस्टम फेल हो गया। प्लेटफार्म यात्रियों से खचाखच भरे हुए थे। यहां पर यात्रियों के बैठने की भी जगह नहीं थी। खड़े रहकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। दक्षिण भारत में हुई वर्षा के कारण ट्रेनें भी लेट आईं।

