शादी के रिसेप्शन में 4.80 लाख रूपये से भरा बैग चोरी, वीडियो में नाबालिग ले जाता हुआ नजर आया, सांसी गैंग पर पुलिस को शक

इन्दौर. बाणगंगा इलाके में एक शादी समारोह के बीच नाबालिग ने लाखों रूपये से भरा बैग चोरी कर भाग गया। घटना 2 दिन के बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले है। जिनमें एक नाबालिग बैग लेकर जाता हुआ नजर आया है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस को राजगढ़-ब्यावरा की सांसी गिरोह पर संदेह है। जो पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुकी है। शिकायत के बाद शनिवार को वीडियो के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
बैग में 4 लाख रूपये से अधिक थे
बाणगंगा थाना पुलिस ने 67 वर्षीय हरीशकुमार झा निवासी विजयनगर की शिकायत पर 4 लाख 80 हजार रूपये की चोरी की एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक हरीश झा ने बताया है कि 12 मार्च को मिलन सुंदरम गार्डन में उनके बेटे इंद्रजीत झाका शादी का रिसेप्शन था। शादी समारोह के बीच एक ग्रे-ब्लैक रंग के बैग में पर्स, एटीएम कार्ड और लगभग 4 लाख 80 हजार रूपये नगद बैग में रखे थे, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चुराकर ले गया।
सीसीटीवी में गार्डन से निकलता दिखा युवक
एडिशनल DCP क्राइम ब्रांच, राजेश दंडोतिया के मुताबिक हरीश झा ने बताया कि उन्होंने यह गार्डन दो दिनों के लिए किराए पर लिया था, जहां केटरिंग और अन्य व्यवस्थाओं का भुगतान किया जाना था। रात के समय दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर थे और बाकी लोग कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान एक नाबालिग स्टेज पर चढ़ा और बैग उठाकर ले गया। रात में जब रुपए से भरा बैग स्टेज पर नहीं मिला तो गार्डन में मौजूद लोगों और परिचितों से पूछताछ की गई। बाद में जब शादी की रिकॉर्डिंग देखी गई तो उसमें एक बच्चा बैग लेकर स्टेज से उतरते हुए दिखाई दिया। इसके बाद गार्डन के सीसीटीवी कैमरों में भी वह बाहर जाते हुए नजर आया। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।

