370 हटने के बाद 74 साल में पहली बार श्रीनगर के चौराहों पर दिखाया गया पीएम का भाषण
जम्मू कश्मीर. जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद यह दूसरा स्वतंत्रता दिवस रहा। इस बार श्रीनगर में वो नजारा दिखा जो 74 साल में कभी नहीं देखा गया। यहां पहली बार प्रशासन ने चौराहों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन्स लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण का सीधा प्रसारण दिखाया। जम्मू कश्मीर प्रशासन ने यहां के टीआरसी क्रॉसिंग, जहांगिर चौक और अन्य हिस्सों में यह स्क्रीन्स लगाईं, जिन पर लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण सुना।
कश्मीर में कड़ी सुरक्षा के बीच 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया
इस बीच, केंद्र शासित जम्मू कश्मीर प्रदेश में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 74वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। कोरोना महामारी की पाबंदियों के कारण सड़कों और समारोह स्थलों पर भीड़ बेशक कम रही लेकिन चौराहों पर जगह-जगह लगे राष्ट्र ध्वज अलगाववाद और आतंकवाद से आजादी के जोश को बयान कर रहे थे। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में रष्ट्र ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्ना हुए समारोह में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने स्वतंत्रता संग्राम में अपना बलिदान देने वाले सेनानियों को याद करते हुए उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि आज का दिन हमें देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता को बनाए रखने व गरीबी, अशिक्षा, महामारी और बुराइयों से मुक्त एक सशक्त समाज की स्थापना के लिए प्रेरित करता है।

