3 वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण, शादी में शामिल युवक ने किया था अपहरण, पुलिस बोली-गलत हरकत का इरादा था
ग्वालियर. 3 वर्षीय मासूम बच्ची का मैरिज गार्डन के बाहर से अपहरण कर लिया गया था। परिवार झांसी से रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिये आया था। बच्ची देर तक नहीं दिखाई दी तो तलाश शुरू की गयी। परिजन थाने पहुंचे, गुमशुदगी दर्ज कराई। घटना मंगलवार की रात लगभग 12 बजे कम्पू थाना इलाके में गुढ़ी गुढ़ा के नाका स्थित बाबा मैरिज गार्डन की है। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट जारी करते हुए शहरा के पॉइंट लॉक कर दिये। एसएसपी धर्मवीर सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन की जानकारी ली। शहर के 3 सीएसपी और 6 से अधिक थाना टीआई को बच्ची की तलाश में लगाया गया।
सीसीटीवी में दिखाई दिया संदिग्ध युवक
पुलिस ने मैरिज गार्डन के आसपास लगे, सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये तो एक फुटेज में परपल रंग की शर्ट और स्काई ब्लू जींस पहने युवक बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दिया। जांच में पता चला है कि युवक बच्ची को लेकर गुढ़ा स्थित सरकारी मल्टीस्टोरी बिल्डिंग की ओर गया है। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां महिलाओं ने बताया कि युवक वहां पहुंचा था। बच्ची के बारे में पूछताछ करने पर वहां से भाग निकला। लेकिन यहां आरोपी की पहचान हो गयी। पुलिस को पता चला कि बच्ची के साथ दिखा यवुक 30 वर्षीय प्रवेश पुत्र दामोदर जाटव निवासी बावन पायगा है। वह पेशे से मोची और वह नशे का आदी है। इसके बाद पुलिस ने बावन पायगा में दविश दी और बच्ची को बरामद कर लिया है।
आरोपी भी शादी में आमंत्रित था पुलिस जांच में सामने आया कि प्रवेश जाटव भी शादी समारोह में आमंत्रित था। वह काफी देर से मैरिज गार्डन के गेट के पास खेल रही बच्ची पर नजर रखे हुए था। मौका मिलते ही उसे उठाकर ले गया।एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि पुलिस ने समय पर एक्शन लिया और तत्काल आरोपी को खोजकर बच्ची को बरामद किया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

