3 लाख रूपये नगद, सोने की ज्वेलरी और लिफाफों से भरा राजबाग मैरिज गार्डन से गायब संदिग्ध युवक

ग्वालियर. व्यापार मेला परिसर स्थित राजबाग मैरिज गार्ड में आयोजित शादी समारोह में दुल्हन के पिता का बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना गोला का मंदिर स्थित राजबाग मैरिज गार्डन में गुरूवार की रात की है। दुल्हन के पिता ने बारातियों के स्वागत के दौरान सिर्फ 5 मिनट के लिये बैग कुर्सी पर रखा और उनके पलटते ही बैग गायब हो गया। बैग में 3 लाख रूपये के साथ कुछ ज्वेलरी व कागजात रखे हुए थे।
घटना का पता चलते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, पुलिस ने गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें एक संदेही सूटबूट में खड़ा दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है मामला
शहर के शताब्दीपुरम निवासी अरविन्द सिंह तोमर रिटायर्ड फौजी हैं। छह फरवरी को उनकी बेटी दीप्ति तोमर की शादी का कार्यक्रम मेला ग्राउंड स्थित राजबाग मैरिज गार्डन में चल रहा था। मेहमानों की अगवानी के लिए दुल्हन के पिता अरविंद सिंह दरवाजे पर खड़े थे और उनके पास ही नकदी से भरा बैग था। दस बजे वह मेहमानों की अगवानी कर रहे थे। कुछ देर के लिए वह कुर्सी पर बैठे और अपना बैग पास में रख लिया। तभी एक परिचित आए तो वह उठकर उनसे बात करने लगे। इतने में मौका पाकर अज्ञात चोर बैग ले गया। पांच मिनट बाद जब वापस कुर्सी पर देखा तो बैग वहां नहीं था। रुपयों से भरा बैग गायब होने का पता चलते ही विवाह समारोह में हड़कंप मच गया। नाते-रिश्तेदार के साथ अन्य परिचित बैग की तलाश में जुटे, लेकिन ना तो चोर हाथ आया और ना ही बैग मिला।
महज 5 मिनट में घटी घटना
टीआई गोला का मंदिर हरेन्द्र शर्मा मुताबिक रिटायर्ड फौजी अरविंद तोमर ने बताया कि 3-5 मिनट के अन्दर यह पूरी घटना घटी। वह बैग कुर्सी पर रखकर एक मेहमान का स्वागत करने लगे। इसमें उनको 3 से 5 मिनट का वक्त लगा। इसके बाद वापिस लौटकर देखा तो बैग नहीं था उसमें 3 लाख रूपये कैस, कुछ लिफाफे और सोने की ज्वेलरी व कुछ दस्तावेज रखे हुए थे।
संदिग्ध सीसीटीवी में दिखाई दिया
दुल्हन के पिता का नगद केस से भरा बैग चोरी होने का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज तलाशे। इसमें संदेही चोर के फुटेज मिल गये, पुलिस ने तत्काल ही जिलेभर में इन फुटेज को सर्कुलेट कराकर चोर की तलाश शुरू कर दी है।

