21 जून को होगी बड़ी खगोलीय घटना, आप नहीं देख पाएंगे अपनी परछाई
ग्वालियर. 21 जून शुक्रवार को साल का सबसे बड़ा दिन और सबसे छोटी रात होगी। इसके बाद दिन छोटे होते जाएंगे और रात बड़ी होंगी। 21 जून को रात 02:20 बजे सूर्य सायन कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। इससे सूर्य दक्षिणायन होंगे और वर्षा ऋतु की शुरूआत होगी। ज्योतिषाचार्य डॉ.हुकुमचंद जैन ने बताया कि 21 जून को सबसे बड़ा दिन का मान होगा और रात सबसे छोटी होगी। इस दिन के बाद दिन छोटे और रातें बड़ी होती जाएंगी। वहीं 22 दिसम्बर को सबसे बड़ी रात और दिन छोटा होता है। 23 सितंबर को पृथ्वी की भूमध्य रेखा बिल्कुल सूर्य के सामने पड़ती है, जिससे दिन-रात बराबर होते हैं।
21 जून से छह माह दक्षिणायन रहेंगे सूर्य
दोपहर में एक क्षण ऐसा आएगा जब लोगों को स्वयं अपनी परछाई भी नहीं दिखाई देगी। कर्क रेखा मध्यप्रदेश के उज्जैन, जबलपुर, शहडोल जैसे शहरों सहित राजस्थान, झारखंड, गुजरात, पश्चिम बंगाल राज्यों से गुजरती है। 21 जून से सूर्य सायन कर्क राशि से सायन धनु राशि तक छह माह दक्षिणायन रहेंगे। इस समय कुछ विशेष शुभ कार्यों के मुहूर्त भी नहीं होते हैं।
होगी खगोलीय घटना
पृथ्वी सूर्य के चारों ओर अपनी कक्षा के सापेक्ष 23.5 डिग्री झुकी हुई है। 21 जून को सूर्य पृथ्वी के नार्थ पोल मतलब उत्तरी गोलार्द्ध पर होता है। इसी वजह से सूर्य की रोशनी पूरे भारत के बीचोंबीच से गुजरने वाली कर्क रेखा पर सीधे ज्यादा समय तक पड़ती है, इससे सूर्य की किरणें अन्य दिनों की अपेक्षा इस दिन ज्यादा समय तक पृथ्वी पर रहती हैं। इसी खगोलीय घटना के कारण 21 जून को साल का सबसे बड़ा दिन और रातें सबसे छोटी होती हैं।

