2 दोस्तों की मौत 5 घायल, तिघरा से पिकनिक मना कर लौट रहे थे
ग्वालियर. पिकनिक मनाकर लौट रहे दोस्तों की तेज रफ्तार वैन बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गयी। तेज रफ्तार ने दो दोस्तों का सदैव के लिये हमसे छींन लिया। जबकि 5 घायल है। घायलों में भी एक की हालत गंभीर बतायी गयी है। घटना शंकरपुर न्यू क्रिकैट स्टेडियम के पीछे पुरानी छावनी की है।
घटना की खतर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पड़ताल शुरू की। मृतक और घायल एयरफोर्स में ठेके पर कर्मचारी है। मृतक दिल्ली और फिरोजाबाद व घायल आगरा और ग्वालियर के हैं। पुलिस ने शवों को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। मंगलवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जायेगा।

यह है पूरा मामला
शहर के महाराजपुरा स्थित एयरफोर्स में ठेके पर कर्मचारी गोलू पुत्र रामवीर सिंह और विकास पुत्र गंगासिंह एयरफोर्स परिसर में ही रहते हैं। यह अपने अन्य 5 साथियों के साथ सोमवार को पिकनिक मनाने के लिए तिघरा गए थे। यह सभी पिकअप वैन में सवार होकर गए थे। सोमवार की देर शाम लौटते समय यह गाना गाते हुए वापस लौट रहे थे। अभी यह बदनापुरा के पास नए क्रिकेट स्टेडियम के पीछे उनकी गाड़ी तेज रफ्तार होने पर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गई। पिकअप वैन के पलटते ही वहां चीख पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर वहां आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पूरी सड़क पर घायल ही घायल पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया है। घायलों में से गोलू पुत्र रामवीर और विकास पुत्र गंगासिंह की मौत हो गई है, जबकि हादसे में दिलीप जाटव, राकेश परिहार, साकिर खान, आदर्श कुमार व एक अन्य घायल हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायलों बोले -किसी वाहन ने कट मारा है
घटना के बाद जेएएच में इलाज करा रहे घायलों ने पुलिस को बताया है कि वह तो अपने रास्ते पर आ रहे थे। एक अन्य तेज रफ्तार वाहन ने कट मारा जिसके बाद उनकी गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गयी और जिसके बाद यह हादसा हुआ है। घायलों में दिलीप और राकेश बार-बार गोलू और विकास के बारे में पूछ रहे थे। गोलू और विकास की मौत हो गयी है यह उन्हें रात तक नहीं बताया गया था। क्योंकि दोनो की हालात नाजुक थी और दोस्तों की मौत की खबर से उनको सदमा लग सकता है।
पुलिस ने बताया
पुरानी छावनी पुलिस ने बताया है कि मृतक व घायल पिकनिक मनाने के लिये तिघरा गये थे। वाहन लौटते वक्त काफी तेज रफ्तार में था जिससे बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ते हुए पलट गया और 2 लोगों की मौत हो गयी है जबकि 5 घायल है।

