चेम्बर चुनाव की अधिसूचना जारी, 17 जुलाई को होगा मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना
3450 सदस्य करेंगे मताधिकार का प्रयोग, 27-28 जून को नामांकन प्रक्रिया
ग्वालियर। चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 17 जुलाई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय ने पत्रकारवार्ता में चुनाव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार कुल 3450 सदस्य अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। चुनाव को लेकर व्यापारिक वर्ग में उत्साह देखा जा रहा है।निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 27 और 28 जून को नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद 2 जुलाई को दोपहर 11 बजे से शाम 5 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। नामांकन वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
17 जुलाई को अध्यक्ष, संयुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मानसेवी सचिव, मानसेवी संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए मतदान होगा। इसके साथ ही कार्यकारिणी समिति के सदस्य पद के लिए 150 प्रतिनिधियों के चयन हेतु समूहवार मतदान भी कराया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।पत्रकारवार्ता में चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, अरविंद गौर, पीताम्बर लोकवानी और राजीव अग्रवाल भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को व्यापारिक लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद जताई।

