17 हजार घरों को मिलेगी बेहतर बिजली, जून तक बन जाएगा रानीताल सब स्टेशन
जबलपुर. ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए रिवेम्पड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत जबलपुर ग्रामीण में पांच नए सब स्टेशन बनाए जा रहे हैं। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इन सब स्टेशनों के शुरू होने से लगभग 17 हजार परिवारों को बेहतर गुणवत्ता वाली बिजली मिल सकेगी। इनमें से चार सब स्टेशन बनकर शुरू हो चुके हैं, जबकि सिहोरा के रानीताल क्षेत्र में बन रहा सब स्टेशन अभी निर्माणाधीन है।
5 एमवीए क्षमता के पांच सब स्टेशन
जबलपुर ग्रामीण के अधीक्षण यंत्री खुशियाल शिववंशी ने बताया कि उपभोक्ताओं को पर्याप्त वोल्टेज और निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के उद्देश्य से पांच एमवीए क्षमता के पांच सब स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं। ये सब स्टेशन मुरई, देवरी पीपल, निगरी, झांसी बेला और सिहोरा के रानीताल क्षेत्र में बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रानीताल को छोड़कर बाकी सभी सब स्टेशन बन चुके हैं और वहां से बिजली आपूर्ति भी शुरू कर दी गई है।
रानीताल सब स्टेशन का निर्माण कार्य धीमा
रानीताल सब स्टेशन का निर्माण कार्य अपेक्षाकृत धीमी गति से चल रहा है। विभाग के अनुसार जिस कंपनी को निर्माण का ठेका दिया गया था, उसने स्थानीय स्तर पर काम कराया, जिसके कारण समय पर कार्य पूरा नहीं हो सका। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि जून माह तक यह सब स्टेशन भी तैयार हो जाएगा।
ग्रामीण इलाकों की समस्याओं में आएगी कमी
नए सब स्टेशन बनने से ग्रामीण इलाकों में लो वोल्टेज, बार-बार बिजली गुल होने और ओवरलोडिंग जैसी समस्याओं में काफी कमी आएगी। किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर बिजली मिलेगी, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी स्थिर वोल्टेज का लाभ मिलेगा।

