14 लाख की इनामी महिला नक्सली साजंती गिरफ्तार, 3 राज्यों की पुलिस ढूंढ रही थी, 6 मामलों में थी तलाश
बालाघाट. पुलिस ने शुक्रवार को 14 लाख रूपये की इनामी महिला नक्सली एसीएम साजंती पति गणेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर मध्यप्रदेश में नक्सली गतिविधियों के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास जैसे ही 6 गंभीर अपराध के मामले दर्ज है। इसे 3 राज्यों की पुलिस ढूंढ रही थी। एमपी, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सरकार ने इसे पकड़ने के लिये इनाम घोषित किया था। पुलिस ने महिला नक्सली के पास से पिस्टल, मैग्जीन, कुल्हाड़ी और अन्य सामग्री बरामद की है।
नक्सली महिला चिचरंगपुर के जंगल से गिरफ्तार
बालाघाट एसपी नगेन्द्रसिंह ने बताया कि पुलिस को खबर मिली थी कि बैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाटोला के चिचरंगपुर जंगली क्षेत्र में केबी डिवीजन के नक्सलियों का समूह मौजूद है। जिसके बाद हॉकफोर्स के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप को क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के लिये रवाना किया गया। सर्चिंग के दौरान 2 संदिग्ध दिखाई देने पर हॉकफोर्स की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इसमें हार्डकोर महिला नक्सली साजंती पकड़ी गयी। हालांकि एक अन्य नक्सली भागने में कामयाब रहा। हॉकफोर्स की टीम घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इसमें हार्डकोर महिला नक्सली साजंती पकड़ी गयी। पकड़ी गयी महिला नक्सली को लेकर आ रही थी। इस दौरान केबी डिवीजन के अन्य नक्सलियों ने उसे छुड़ाने के लिये फायरिंग की। जिसमें होकफोर्स की टीम ने नक्सलियों का जवाब देते हुए जवाबी फायरिंग की। नक्सलियों की तरफ से 30 से 40 राउंड और हॉकफोर्स के जवानों की तरफ से 10 से 15 राउंड फायरिंग की गयी। जवाबी हमले में स्वयं को बचाते हुए नक्सली अंधेरा और जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गये।
महिला नक्सली की हिस्ट्री
कान्हा-भोरमदेव के खटिया मोचा दलम की एरिया कमेटी सदस्य साजंती पति गणेश पर मध्यप्रदेश सरकार ने 3 लाख, छत्तीसगढ़ सरकार ने 5 लाख और महाराष्ट्र सरकार ने 6 लाख का इनाम घोषित था। नक्सली महिला पर मध्यप्रदेश में मुखबिरों की हत्या, हत्या का प्रयास जैसे कुल 6 गंभीर मामले दर्ज थे। वहीं अन्य राज्यों में उस पर दर्ज मामले की जानकारी बालाघाट पुलिस जुटा रही है।

