13 दिन चलेगा विधानसभा का सत्र, बजट पर दस दिन होगी चर्चा
भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 27 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से प्रारंभ होगा। बजट 28 फरवरी को प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। एक और दो मार्च अभिभाषण पर चर्चा के लिए आरक्षित रखे गए हैं। इस प्रकार देखा जाए तो बजट पर चर्चा के लिए दस दिन ही मिलेंगे। पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत ने इसे कम बताते हुए कहा कि विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा ही इस अवधि में नहीं हो पाएगी। बैठकों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।
नवंबर में विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनाव के पहले यह शिवराज सरकार का अंतिम बजट होगा। इसमें सरकार द्वारा सभी वर्गों को साधने के प्रयास किए जाएंगे। वहीं, कांग्रेस के पास भी सरकार को घेरने का यह अंतिम अवसर होगा क्योंकि इसके बाद मानसून सत्र ही होगा। चुनाव का समय पास आने के कारण इसमें ज्यादा रुचि नहीं रहेगी। यही कारण है कि पूर्व मंत्री तरुण भनोत ने मांग की है कि बजट पर चर्चा के लिए अधिक समय मिलना चाहिए। होली होने के कारण मार्च के दूसरे सप्ताह मेें बैठकें नहीं रखी गई हैं। उधर, वित्त विभाग को विभागवार बजट को अंतिम रूप देना प्रारंभ कर दिया है। इसे अगले दस दिन में प्रिंटिंग के लिए सरकारी प्रेस भेजा जाएगा।

