सोने की कीमत ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, लखनऊ में 60 हजार के पार पहुंचा भाव
नई दिल्ली. बजट के बाद से ही सोने की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। गुरुवार को भी इसमें तेजी देखी गई और एमसीएक्स पर इसने 58000 के लेवल का पार करते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने का भाव गुरुवार 58,600 रुपये के लेवल को पार कर गया है। ग्लोबल मार्केट में तेजी के बीच, घरेलू बाजार में भी गोल्ड की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। सोने की कीमत में इतने बड़े उछाल से शादी-ब्याह की खरीदारी कर रहे लोगों की जेब पर काफी दबाव बढ़ेगा।
सोने के भाव में तेजी
दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने का भाव 770 रुपये की मजबूती के साथ 58,680 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 57,910 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। इसके अलावा चांदी की कीमत भी 1,491 रुपये के उछाल के साथ 71,666 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। ग्लोबल मार्केट में भी सोना मजबूत होकर 1,923 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी गिरावट के साथ 23.27 डॉलर प्रति औंस पर रही।
बजट की वजह से आया उछाल
बाजार के विश्लेषकों का मानना है कि बजट की वजह से भी सोने की कीमत में उछाल आया है। ताजा बजट में सोना-चांदी पर सीमा शुल्क बढ़ा दिया गया है, उसके बाद से सोने के भाव में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।

