भगवान श्रीराधा कृष्ण के मनोहारी स्वरूप के दर्शन करने लगी श्रद्धालुओं की लाइन
ग्वालियर – गोपाल मंदिर में आज भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर प्रातः 10 बजे श्री राधाकृष्ण के श्रृंगार के लिए भारी पुलिस सुरक्षा के साथ सेन्ट्रल बैंक के लॉकरों से भगवान के गहने निगमायुक्त द्वारा गठित समिति की मौजूदगी में निकाले गए तथा मंदिर में गहनों की देखभाल के बाद गहनों से भगवान का श्रृंगार किया गया तथा श्रृंगार के उपरांत पूजा अर्चना के पश्चात आम श्रद्वालुओं के लिए पट खोल दिए गए। उसके पश्चात गोपाल मंदिर पर श्रद्वालुओं की लम्बी कतारें भगवान के इस मनोहरी आलौकिक स्वरुप की एक झलक पाने के लिए लगी रहीं।
फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीराधा-कृष्ण का श्रृंगार ऐतिहासिक अमूल्य आभूषणों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम अधिकारियों द्वारा पूजा अर्चना की गई। भगवान श्री राधाकृष्ण के मनोहारी रूप के दर्शन के लिये देर रात तक लाईनें लगी रहीं तथा हजारों भक्तों ने भगवान के दर्शन किये वहीं गोपाल मंदिर पर भव्य एवं आकर्षक फूल बंगला एवं रंगोली से सजाया गया है जो भक्तों के आकर्षण का केन्द्र रहा। इसके साथ ही मंदिर को अत्याधुनिक आकर्षक विद्युत साज सज्जा के साथ सजाया गया है।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़ी एलईडी के माध्यम से मंदिर के अंदर भगवान श्री राधा कृष्ण के लाइव दर्शन कराए गए। साथ ही साफ सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया तथा मंदिर परिसर एवं बाहर सफाई कर कर प्रत्येक क्षेत्र में डस्टबिन रखना गए जिससे कहीं पर कचरा ना फैले।

