Newsमप्र छत्तीसगढ़

लिफ्ट देने के बहाने व्यक्ति से लूट के 4 आरोपी गिरफ्तार

मुरैना. सिविल थाना इलाके में लिफ्ट देने के बहाने व्यक्ति से मारपीट कर लूट करने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 27 अगस्त को लालौर फाटक -अंबाह बायपास पर रामकरन 49, को 4 पहिया वाहन में लिफ्ट दी थी। रास्ते में उसके साथ मारपीट कर 10,200 नगद, आईटेल मोबाइल और आधार कार्ड लूट लिया। इसके बाद उसे गल्ला मंडी के पास छोड़कर फरार हो गये थे।
लालौर निवासी रामकरन पुत्र दोजीराम जाटव की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने धारा 394 बीएनएस और 11-13 एमपीडीपीके एक्ट में मामला दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मराज मीना ने आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गये सामान की बरामदगी के लिये टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल के साथ आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और इसके अलावा संदिग्धों की तलाश की गयी।
शिवलालपुरा नहर के पास हनुमान मंदिर से पकड़े
पुलिस को 3 सितंबर को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी शिवलालपुरा नहर के पास हनुमान मंदिर के आसपास मौजूद हैं। टीम ने मौके पर दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इशू पुत्र सीताराम, अमीन खां पुत्र जब्बार खां, आकाश पुत्र राजू जाटव और धर्मवीर पुत्र रामवरन जाटव के रूप में हुई है। एसपी धर्मराज मीना के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से ₹8,200, मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई सेंट्रो कार भी पुलिस ने जब्त की है। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब ₹2.28 लाख बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *