ग्वालियर में घर के बाहर बैठी महिला के सिर में मारी गोली
ग्वालियर. मंगलवार रात आदर्श नगर में पिकनिक में खाने को लेकर टिप्पणी के बाद दो पक्षों में फायरिंग हो गई। पड़ोसियों ने करीब 100 मीटर की दूरी से महिला के सिर में गोली मार दी। महिला घायल होकर जमीन पर गिर गई। गोला का मंदिर पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय रेनू भदौरिया विवाद के दौरान घर के दरवाजे पर बैठी थी। इसी दौरान चचेरे भाइयों और उनके पड़ोसियों के बीच फायरिंग हो गई। गोली लगने से रेनू गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गंभीर हालत के चलते आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है।

पहले गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, संतोष, अमन और सतीश नाम के चचेरे भाई पड़ोसी अभिषेक माहौर के साथ पनिहार स्थित कन्हैर झील पर पिकनिक मनाने गए थे। वहां सभी ने दाल-टिक्कड़ खाया। खाना खाने के बाद अभिषेक की तबीयत बिगड़ गई और उसने उल्टी कर दी। इस दौरान चचेरे भाइयों ने अभिषेक को लेकर कमेंट किया। उन्होंने कहा- ‘जब हजम नहीं होता तो इतना ज्यादा क्यों खा लेते हो। उस समय दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद सभी अपने घर लौट आए। हालांकि, घर लौटने के बाद खाने को लेकर किया गया यही कमेंट फिर विवाद की वजह बन गया। घर आने के बाद दोनों पक्षों के बीच इसी बात को लेकर दोबारा विवाद शुरू हो गया। पहले गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई।
इस दौरान रेनू भदौरिया घर के दरवाजे पर बैठी थीं। उनके आसपास कुछ अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं। इसी दौरान करीब 100 मीटर दूर गली में फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग में चली एक गोली रेनू के सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ीं।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए
देर रात अस्पताल प्रबंधन ने गोला का मंदिर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला को लगी गोली 315 बोर की है। पुलिस यह जांच कर रही है कि विवाद और फायरिंग में शामिल लोगों में से किनके पास 315 बोर की राइफल या अन्य हथियार हैं। फायरिंग कट्टे से किए जाने की संभावना की भी जांच की जा रही है।

