Newsमप्र छत्तीसगढ़

हजार बिस्तर अस्पताल का औचक निरीक्षण, एक्सरे कक्ष में भीड़ मिली तो सस्पेंड कर दूंगा : डीन

ग्वालियर,गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जयारोग्य अस्पताल समूह में गुरुवार को 2 घंटे के लिए ओपीडी संचालित हुई। डीन डॉ. धाकड़ ने निरीक्षण की शुरुआत रेडियोलॉजी विभाग से की। यहां डीआर एक्सरे कक्ष में मरीजों की अधिक भीड़ देखकर उन्होंने टेक्नीशियन को फटकार लगाते हुए कहा कि मरीजों को अनावश्यक रेडिएशन क्यों दिया जा रहा है। एक्सरे कक्ष में केवल उसी मरीज को प्रवेश दिया जाए, जिसका एक्सरे होना है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगली बार ऐसी स्थिति मिली तो सस्पेंड कर दूंगा।
इसके बाद डीन मेडिसिन विभाग पहुंचे, जहां भी पीने के पानी की समस्या सामने आई। अधीक्षक द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने की जानकारी देने पर डीन ने संबंधित दोनों कर्मचारियों का 5 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। ऑर्थोपेडिक वार्ड में पीने के पानी की जगह पानी जमा मिला। पूछताछ में सफाईकर्मी ने बताया कि मना करने के बाद भी अटेंडर वहीं नहाते हैं, जिससे पानी भर जाता है। इस पर डीन ने नर्सिंग इंचार्ज को निर्देश दिए कि वार्ड में नहाने वाले अटेंडरों के मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया जाए। मेडिसिन और ऑर्थोपेडिक वार्ड में गंदगी मिलने पर सफाई सुपरवाइजर का 5 दिन का वेतन काटने तथा रेडियोलॉजी विभाग में भीड़ नियंत्रण में लापरवाही बरतने पर सुरक्षाकर्मी का 2 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
छात्रा का जाना हाल
निरीक्षण के दौरान डीन और अधीक्षक जब मेडिसिन आईसीयू पहुंचे तो मुख्य गेट बंद मिला। इस पर डीन ने सुरक्षाकर्मी को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि कोई गंभीर मरीज आ जाए तो क्या होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आईसीयू गैलरी गेट कभी बंद न रखें। इसी दौरान डीन को जानकारी मिली कि एमबीबीएस प्रथम वर्ष की एक छात्रा की तबीयत खराब होने के कारण उसे भर्ती किया गया है। डीन और अधीक्षक छात्रा से मिलने पहुंचे तथा उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। नकारात्मक जवाब मिलने पर डीन ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि क्या मेडिसिन विभाग ऑटो मोड पर चल रहा है। इस दौरान मेडिसिन विभाग के प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह पाल भी मौके पर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *