जब रेप पीडि़ता ने चाकू निकाला एसपी ऑफिस में, दूसरी शादी कर रहा है आरोपी
ग्वालियर. सोमवार को एसपी ऑफिस में रेप पीडि़ता 24, हंगामा कर दिया। पुलिस के सामने उसने अचानक चाकू निकाल लिया और उसने स्वयं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। ऑफिस में मौजूद पुलिसकर्मियों ने चाकू छीनकर युवती को बचाया।युवती से रेप करने वाला आरोपी जमानत पर बाहर है और वह दूसरी युवती से शादी करने वाला है। इसी कारण से पीडि़ता मानसिक रूप से परेशान है। वह शादी रूकवाने के लिये एसपी ऑफिस पहुंची।
वादा शादी का और कर दिया रेप
युवती का आरोप है कि उसका प्रेम संबध दतिया के भांडेर निवासी कुलभूषण राहुल 30, नाम के युवक से था। आरोपी ने उससे शादी का वादा किया था। इस भरोसे पर दोनों के बीच लम्बे समय तक संबंध रहे। शादी का भरोसा देकर आरोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। शादी का दबाव बनाने पर युवक ने दूरी बनानी शुरू कर दी।
पहले भी दर्ज हो चुका मामला, आरोपी जा चुका जेल
युवती ने बताया कि 20 मई 2024 से 4 अप्रैल 2026 तक रेप किया। मामले की शिकायत अप्रैल 2026 में ग्वालियर के झांसी रोड थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कुलभूषण राहुल के खिलाफ FIR दर्ज की। अप्रैल 2026 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि युवक को कुछ दिनों बाद जमानत मिल गई थी। युवती का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी दूसरी शादी करने जा रहा है। इसी बात से परेशान होकर वह सोमवार को SP कार्यालय पहुंची थी। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शादी रुकवाने की मांग को लेकर उसने हंगामा किया।

