Newsमप्र छत्तीसगढ़

ओलावृष्टि से प्रभावित सरकार की ओर से दी जाएगी हर संभव सहायता, अंतर्राज्यीय बस स्टेण्ड का संचालन शीघ्र प्रारंभ हो 

ग्वालियर – मुरार सर्किट हाउस में गत रात कुछ गाँवों में ओलावृष्टि की सूचनायें मिलने पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि ओलावृष्टि से प्रभावित सभी गाँवों का तत्परता से सर्वेक्षण कराया जाए। ओलावृष्टि से अगर किसी भी किसान की फसल को हानि पहुँची है तो उसे शासन के प्रावधान अनुसार राहत वितरण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने शनिवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर विकास की समीक्षा करते हुए यह बात कही।
अंतर्राज्यीय बस स्टेण्ड का संचालन शीघ्र प्रारंभ हो
ग्वालियर में अंतर्राज्यीय बस स्टेण्ड (आईएसबीटी) का निर्माण किया गया है। शहर विकास की कड़ी में यह एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके संचालन के लिये जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं बस ऑपरेटरों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर बस स्टेण्ड का संचालन व्यवस्थित रूप से प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कलेक्टर रुचिका चौहान से कहा कि ग्वालियर के मंत्री द्वय, सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बस ऑपरेटरों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित कर इसका संचालन प्रारंभ करें, ताकि जिले के निवासियों को नए बस स्टेण्ड के रूप में अच्छी व्यवस्थायें उपलब्ध हो सकें।
पेयजल, सीवर एवं सड़कों के संधारण कार्य को दें प्राथमिकता 
शहर विकास की समीक्षा के दौरान कहा है कि पेयजल वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए तथा आम लोगों को शुद्ध और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही सीवर संधारण के कार्य भी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किए जाएं।
मिलावट के विरूद्ध हो सख्त कार्रवाई 
खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरूद्ध जिले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाना चाहिए। इसके लिये विभागीय स्तर पर निरंतर दल बनाकर जांच की जाए और जो भी व्यक्ति खाद्य पदार्थों में मिलावट के लिये दोषी पाया जाता है उसके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि केवल त्यौहारों के दौरान ही नहीं बल्कि नियमित सेम्पलिंग का कार्य किया जाए।वरिष्ठ अधिकारियों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी 
विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में आईजी श्री अरविंद कुमार सक्सेना ने कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन के लिये पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन के लिये पुलिस विभाग द्वारा नियमित अभियान चलाकर कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में भी सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने भी पुलिस विभाग के माध्यम से किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी दी।  कलेक्टर ने बताया कि जिले में गत रात घाटीगांव एवं भितरवार क्षेत्र के कुछ ग्रामों में ओलावृष्टि हुई है। राजस्व विभाग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में संपर्क करने पर जानकारी मिली है कि ओलावृष्टि बहुत की कम मात्रा में कुछ ग्रामों में हुई है। राजस्व विभाग के माध्यम से मैदानी स्तर पर पहुँचकर सर्वेक्षण का कार्य भी किया जा रहा है। इसके साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन के कार्य हाथ में लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *